हैदराबाद में मॉर्निंग रन के दौरान एक महिला के साथ शर्मनाक घटना हुई। एक युवक ने उसे देखकर सरेआम हस्तमैथुन किया। महिला द्वारा इस अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद महिला सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

सोचिए, आप सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली हों और आपके साथ कोई बेहद शर्मनाक और घिनौनी हरकत हो जाए। यकीनन आपका पूरा दिन खराब हो जाएगा। हैदराबाद की एक महिला के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जब वह अपनी रूटीन मॉर्निंग रन पर थीं। उन्होंने इस बेहद परेशान करने वाले अनुभव को सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसे देखकर लोग गुस्से में हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह घटना 26 तारीख की है। महिला जब दौड़ रही थी, तो रास्ते में एक युवक उन्हें देखकर सरेआम हस्तमैथुन (masturbate) करने लगा। महिला की तरफ से शेयर किए गए वीडियो को अब तक 3.75 लाख से ज़्यादा लोग देख चुके हैं।

चौंकाने वाला घिनौना अनुभव

महिला ने मीडिया को बताया कि इस घटना ने उन्हें अंदर तक हिलाकर रख दिया। यह सब इतना अचानक हुआ कि वह उस आदमी का चेहरा वीडियो में रिकॉर्ड नहीं कर पाईं। यह घटना कोकापेट-नरसिंगी साइकिल ट्रैक के एंट्री गेट और साइकिल किराए पर मिलने वाली जगह के बीच करीब 3 किलोमीटर के दायरे में हुई।

महिला के मुताबिक, सुबह के वक्त साइकिल ट्रैक पर अच्छी-खासी भीड़ थी। तभी उन्होंने देखा कि करीब 29-30 साल का एक शख्स, जिसका रंग सांवला और बाल घुंघराले थे, उन्हें घूर रहा था और अजीब तरह से कांप रहा था। जब उन्होंने ध्यान से देखा तो पाया कि वह शख्स उन्हें देखकर सरेआम हस्तमैथुन कर रहा था। जैसे ही महिला ने इस घिनौनी हरकत को रिकॉर्ड करने के लिए अपना मोबाइल निकाला, वह तुरंत पीछे मुड़ा और तेजी से झाड़ियों की तरफ भाग गया। महिला ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।

View post on Instagram

कहां है सुरक्षा?

महिला ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि उस वक्त सड़क पर हर उम्र के लोग दौड़ रहे थे और साइकिल चला रहे थे। लेकिन घटना के वक्त वहां कोई और था या नहीं, इस पर उनका ध्यान नहीं गया। उन्होंने कहा, "यह इतना अचानक हुआ कि मैं चौंक गई। उसका निशाना सुबह दौड़ने वाली महिलाएं थीं। शायद मैं उस वक्त वहां इत्तेफाक से पहुंच गई। उसका इरादा शायद यही था कि कोई न कोई महिला तो मिलेगी ही।"

इस घटना के बाद महिला काफी परेशान है और अब वह सुबह दौड़ पर जाने को लेकर भी डरी हुई है। दिन हो या रात, महिलाओं के खिलाफ होने वाली ऐसी घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर लोग जमकर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और महिला सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।