इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता के बीच एक पाकिस्तानी पत्रकार ने उनकी मौत का अपुष्ट दावा किया है। PTI ने मुलाकात न होने और इलाज को लेकर सवाल उठाए हैं।
Imran Khan Latest News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रमुख इमरान खान की सेहत को लेकर लंबे समय से अनिश्चितता बनी हुई है। इसी बीच एक पाकिस्तानी पत्रकार का ऐसा दावा सामने आया है, जिसने नई बहस छेड़ दी है। हालांकि, इस दावे की अब तक किसी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।
पाकिस्तानी पत्रकार ने क्या दावा किया?
अमेरिका में रहने वाले वरिष्ठ पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत सईद खान ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि उन्हें पाकिस्तानी सेना के तीन वरिष्ठ सूत्रों ने बताया है कि "इमरान खान अब हमारे बीच नहीं रहे।" उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार यह आशंका जताई जा रही है कि इमरान खान की जेल में मौत हो सकती है। हालांकि, वजाहत सईद खान ने साफ किया कि वह इस जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सके हैं और यह सूचना उन्हें केवल अनौपचारिक माध्यमों से मिली है। इसलिए इस दावे की सत्यता की पुष्टि नहीं की जा सकती।
पहले भी उठ चुकीं मौत की अफवाहें
इमरान खान की मौत और उनकी सेहत को लेकर अफवाहें पहले भी सामने आ चुकी हैं। इन चर्चाओं की शुरुआत तब हुई थी, जब उनके परिवार के कई सदस्यों और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के नेताओं ने आरोप लगाया था कि उन्हें लंबे समय से इमरान खान से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
2023 से अदियाला जेल में बंद हैं इमरान खान
73 वर्षीय इमरान खान, जो पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं और उससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर थे, 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ कई कानूनी मामले दर्ज हैं। PTI का आरोप है कि जेल प्रशासन उनके परिवार और पार्टी नेताओं को उनसे मिलने नहीं दे रहा है। पार्टी का यह भी कहना है कि इमरान खान को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं, जिनमें आंखों से जुड़ी बीमारी भी शामिल है, के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही।
परिवार और पार्टी ने मुलाकात न होने का लगाया आरोप
11 अगस्त को इमरान खान के परिवार के सदस्यों और पार्टी के नेताओं ने दावा किया कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री से मिलने नहीं दिया गया। उनका कहना है कि इमरान खान की सेहत को लेकर लगातार चिंता बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद मुलाकात की अनुमति नहीं दी जा रही।
PTI नेताओं ने सरकार को दी चेतावनी
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री और PTI नेता सोहेल अफरीदी ने दावा किया कि 20 लाख से अधिक लोग सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने पाकिस्तान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के युवाओं में बढ़ रहे गुस्से को रोकना मुश्किल हो सकता है। सोहेल अफरीदी ने कहा, "हम न तो इमरान खान की सेहत का राजनीतिकरण करते हैं और न ही इमरान खान ने कभी अपनी सेहत का मुद्दा किसी तरह की राहत पाने के लिए उठाया है।"
PTI ने लॉन्ग मार्च का किया ऐलान
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक लॉन्ग मार्च निकालने की घोषणा की है। पार्टी ने यह भी कहा है कि यदि इमरान खान के परिवार और पार्टी नेताओं को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई, तो निर्धारित तारीख से पहले भी विरोध प्रदर्शन शुरू किए जा सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ा दबाव
इमरान खान की लंबी कैद और उनकी सेहत को लेकर पाकिस्तान सरकार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है। अमेरिका के 13 सांसदों के एक द्विदलीय समूह ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की हिरासत की परिस्थितियों का मुद्दा पाकिस्तान सरकार के सामने उठाएं।


