IMD Weather Forecast: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो हफ्तों के लिए बारिश का जो अनुमान जारी किया है, वो चिंता बढ़ाने वाला है। विभाग के मुताबिक, कुछ मौसमी सिस्टम बनने के बावजूद देशभर में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।
Monsoon Update: मॉनसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की तरफ से अच्छी खबर नहीं है। IMD ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि अगले दो हफ्तों तक देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहेगी। यह भविष्यवाणी पूरे देश के लिए जारी की गई है, जो मॉनसून के कमजोर पड़ने का संकेत है।
इस पूर्वानुमान ने चिंता इसलिए भी बढ़ा दी है क्योंकि यह स्थिति तब बनी है जब कुछ वेदर सिस्टम यानी मौसम बनाने वाली प्रणालियां विकसित हो रही हैं। आमतौर पर ऐसे सिस्टम बनने से बारिश की गतिविधियों में तेजी आती है। लेकिन इस बार ऐसा होता नहीं दिख रहा, जो मॉनसून करंट के कमजोर होने की बात को और पुख्ता करता है।
मौसम विभाग ने अपने फोरकास्ट विंडो में साफ किया है कि यह कमी दोनों हफ्तों में देखने को मिलेगी। यानी, आने वाले 14 दिनों तक झमाझम बारिश के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
कमजोर मॉनसून का क्या होगा असर?
देशभर में बारिश का औसत से कम रहना कई तरह की मुश्किलें पैदा कर सकता है। खासकर भारत की कृषि व्यवस्था काफी हद तक मॉनसून पर निर्भर करती है और बारिश में कमी का सीधा असर फसलों की बुवाई और पैदावार पर पड़ सकता है।
हालांकि, मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी करेगा। लेकिन फिलहाल जो संकेत मिल रहे हैं, वे यही इशारा कर रहे हैं कि मॉनसून ने रफ्तार पकड़ने से पहले ही एक लंबा ब्रेक ले लिया है।
अब देखना यह होगा कि क्या आने वाले दिनों में मॉनसून की चाल में कोई सकारात्मक बदलाव आता है या नहीं। फिलहाल, अगले दो हफ्ते तो सूखे-सूखे ही गुजरने के आसार हैं।


