अमेरिका में एक भारतीय कपल का फूड डिलीवरी रोबोट को पहली बार देखकर हैरान होने का वीडियो वायरल हुआ है। बेटी द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में उनके माता-पिता की मासूमियत भरी प्रतिक्रिया को लोगों ने खूब पसंद किया है।
टेक्नोलॉजी इतनी तेजी से बदल रही है कि कई बार यकीन करना मुश्किल हो जाता है। खासकर पुरानी पीढ़ी के लोगों के लिए तो कई नई चीजें किसी अजूबे से कम नहीं होतीं। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें अमेरिका की एक सड़क पर एक भारतीय कपल, फूड डिलीवरी रोबोट को देखकर पूरी तरह हैरान रह जाता है।
प्रियंका नाम की एक महिला ने अपने मम्मी-पापा का यह प्यारा सा वीडियो शेयर किया है। यह पहली बार था जब उन्होंने किसी फूड डिलीवरी रोबोट को देखा था। यह घटना न्यू जर्सी के जर्सी सिटी में इंडिया स्क्वायर की है, जहां प्रियंका अपने माता-पिता के साथ घूम रही थीं।
वीडियो में दिखता है कि एक छोटा, बॉक्स जैसा डिलीवरी रोबोट फुटपाथ से गुजर रहा है। उसे देखकर कपल पहले तो थोड़ा कन्फ्यूज हो जाता है। फिर जब रोबोट आगे निकल जाता है, तो वे हैरानी से मुड़कर उसे देखते रहते हैं। बिना किसी इंसान की मदद के खुद-ब-खुद चलते रोबोट को देखकर उनके चेहरे पर जो हैरानी और मासूमियत है, वो वाकई दिल छू लेने वाली है।
प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'जब मम्मी और अप्पा ने सड़क पर डिलीवरी रोबोट को देखा, तो यह पल मेरी सबसे यादगार यादों में से एक बन गया। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि यह छोटा सा डिब्बा खाना डिलीवर कर रहा है। वे हैरान होकर पूछ रहे थे कि यह क्या है।'
यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर छा गया। लोग कपल के इस मासूम रिएक्शन पर खूब प्यार लुटा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'इनके चेहरे के भाव अनमोल हैं।' एक और यूजर ने कमेंट किया, 'कभी-कभी तो टेक्नोलॉजी किसी सपने जैसी लगती है।'
