Dhirendra Shastri Latest Controversy : बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी को लेकर विवादों में हैं। इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनका एक पुराना वीडियो शेयर कर जांच की मांग की।
लखनऊ. बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया है कि आखिर ऐसे लोग किसके राजनीतिक संरक्षण में सक्रिय हैं? साथ ही एक पुराना वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें बागेश्वर महाराज भगवान राम के पांच पिता के बारे में बोलते हुए नजर आ रहे हैं।
अखिलेश यादव ने इस पूरे मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से सनातन समाज की एकता को तोड़ने की कोशिश की जा रही है।
अखिलेश ने शेयर किया बागेश्वर का एक और वीडियो
- अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक पुराना वीडियो शेयर किया है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कई सवाल उठाए।
- अखिलेश ने कहा कि यह व्यक्ति किसके कहने पर सक्रिय है और इसके पीछे कौन लोग हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भगवान श्रीकृष्ण को लेकर विवादित वीडियो सामने आया और अब भगवान राम के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी किए जाने की बात प्रसारित हो रही है।
राजनीतिक संरक्षण को लेकर उठाए सवाल
- सपा प्रमुख ने इस पूरे मामले को राजनीतिक संरक्षण से जोड़ते हुए सवाल किया कि आखिर ऐसे बयानों को किसका समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इसके राजनीतिक आकाओं को भले ही ये सब मंजूर हो, लेकिन उन्हें यह बिल्कुल स्वीकार नहीं है।
- अखिलेश यादव का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर इस तरह की टिप्पणियां समाज में गलत संदेश देती हैं। इससे लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं और सामाजिक एकता पर भी असर पड़ सकता है।
पूरे मामले की जांच कराने की मांग
- अखिलेश यादव ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर ऐसे विवादित वीडियो और बयान सामने आने के पीछे क्या वजह है।
- धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर दिए गए अखिलेश यादव के इस बयान के बाद धार्मिक और राजनीतिक मुद्दे पर बहस तेज होने की संभावना है। अब देखना होगा कि इस विवाद पर धीरेंद्र शास्त्री की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।
क्या भगवान राम के थे पांच पिता?
अखिलेश यादव शेयर किए गए वीडियो में बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री कह रहे हैं कि कई लोगों को अभी तक यही पता है था कि भगवान राम के सिर्फ एक पिता दशरथ थे। लेकिन ऐसा नहीं है, राम के पांच-पांच पिता थे, यह विचित्र बात है, लेकिन यही सच है। उन्होंने कहा यह बात किसी लेख में नहीं मिलेगा, किसी से पूछ भी मत लेना, लेकिन हमको सब पता है यह जानकारी हमें छोटी सी उम्र पता लग गई थी। उन्होंने कहा-हम इसे इसलिए प्रमाणित कर रहे हैं कि दशरथ जी के प्राण गए, लेकिन उन्होंने अंतेष्टि क्रिया नहीं की। बता दें कि यह बात उन्होंने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रामकथा के दौरान कही थी। उन्होंने डिटेल में बताते हुए कहा-राजा दशरथ के अलावा अग्निदेव, विश्वामित्र, राजा जनक और जटायु को भगवान राम के पिता-समान बताया था।






