मध्य प्रदेश के बालाघाट से एक खौफनाक खबर सामने आई है। जहां एक पत्नी ने इंडिगो एयरलाइन कर्मी वर्षा तुरकर (35) की महाराष्ट्र में चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

बालाघाट. मध्य प्रदेश के बालाघाट की रहने वाली इंडिगो एयरलाइन कर्मी वर्षा तुरकर (35) की महाराष्ट्र में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के पीछे प्रेम संबंध और आपसी रंजिश की कहानी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, वर्षा के बॉयफ्रेंड नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल ने हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि उसने पड़ोसी के जरिए 13 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय कराई थी। इसमें से 5 लाख रुपये शाहरुख पठान को दिए गए थे। गोंदिया अपराध शाखा ने इस मामले में मोना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।

पुणे में इंडिगो के टिकट काउंटर पर काम करती थीं वर्षा

वर्षा तुरकर बालाघाट जिले की खैरलांजी तहसील के किन्ही गांव की रहने वाली थीं। वह पुणे के धानोरी इलाके में रहती थीं और इंडिगो एयरलाइन के टिकट काउंटर पर नौकरी करती थीं। दिवाली की छुट्टियों में वह अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मायके आई थीं। वर्षा की शादी 2024 में हुई थी। उनके पति इंदौर में रहते हैं।

बॉयफ्रेंड के साथ जंगल पहुंची थीं वर्षा

जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर को दोपहर में वर्षा घर से निकली थीं। वह अपने प्रेमी नितेश अग्रवाल के साथ महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के तिरोड़ा गई थीं। वहां से लौटते समय दोनों बोंडरानी गांव के शिव मंदिर के पास जंगल में रुके थे।

बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से किए चार वार

  • 14 नवंबर की शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके पेट और जांघ पर चाकू से चार वार किए। गंभीर रूप से घायल वर्षा की हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
  • पुलिस जांच में हत्या की सुपारी देने की बात सामने आई। इसके बाद गोंदिया अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए मोना अग्रवाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दो आरोपी फरार हैं और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।