NSD में दो संविदा कर्मचारियों की बर्खास्तगी पर विवाद गहरा गया है। कार्यवाहक अध्यक्ष भारत गुप्त ने कार्यालय जाना बंद कर संस्कृति मंत्री से शिकायत की।
नई दिल्ली। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) में इन दिनों प्रशासनिक विवाद गहराता नजर आ रहा है। संस्थान के निदेशक चित्रंजन त्रिपाठी की ओर से दो संविदा कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त किए जाने के बाद कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. भरत गुप्त ने विरोध जताया है। उन्होंने इस फैसले के विरोध में कार्यालय जाना बंद कर दिया है। साथ ही केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर दोनों कर्मचारियों की बर्खास्तगी पर पुनर्विचार करने और फैसला वापस लेने की मांग की है।
जिन दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं, उनमें से एक डॉ. भरत गुप्त का निजी सचिव भी है। इस घटनाक्रम ने NSD के भीतर चल रहे मतभेदों को और उजागर कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अध्यक्ष और निदेशक के बीच पहले से ही कुछ प्रशासनिक मुद्दों पर असहमति बनी हुई है।
NSD के दो संविदा कर्मचारियों को हटाने पर विवाद
जानकारी के मुताबिक, NSD निदेशक चित्रंजन त्रिपाठी ने 9 नवंबर 2026 को दो संविदा कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। इनमें डॉ. कन्हैया झा और प्रदीप कुमार शामिल हैं। कन्हैया झा कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. भरत गुप्त के निजी सचिव के रूप में काम कर रहे थे, जबकि प्रदीप कुमार NSD में सलाहकार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह पहले भारतीय आयुध निर्माणी सेवा (Indian Ordnance Factory Service) के अधिकारी रह चुके हैं।
दोनों कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त किए जाने के अगले ही दिन यानी 10 नवंबर को डॉ. भरत गुप्त ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने दोनों कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के फैसले पर दोबारा विचार करने और इसे वापस लेने का अनुरोध किया। सूत्रों के अनुसार, अपने पत्र में गुप्त ने यह भी सवाल उठाया कि NSD में करीब 100 संविदा कर्मचारी काम कर रहे हैं, लेकिन सेवाएं समाप्त करने के लिए केवल दो लोगों को ही चुना गया। ऐसे में इस फैसले के पीछे की वजह पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
2027 तक था दोनों कर्मचारियों का कार्यकाल, फिर क्यों हुई छुट्टी?
इस पूरे विवाद में एक अहम बात दोनों कर्मचारियों के अनुबंध से जुड़ी है। बताया गया है कि कन्हैया झा और प्रदीप कुमार के कॉन्ट्रैक्ट का नवीनीकरण इसी साल 1 अक्टूबर को किया गया था। इसके तहत दोनों को 30 सितंबर 2027 तक काम करना था। हालांकि, 9 नवंबर को जारी किए गए सेवा समाप्ति पत्रों में कहा गया कि संस्कृति मंत्रालय के सक्षम प्राधिकारी के निर्देशों के अनुसार, NSD में संविदा पर रखे गए इन कर्मचारियों की सेवाएं 9 नवंबर 2026 के बाद नहीं ली जाएंगी। पत्र में स्पष्ट रूप से संस्कृति मंत्रालय के सक्षम प्राधिकारी के निर्देशों का हवाला दिया गया है। वहीं, डॉ. भरत गुप्त का कहना है कि निदेशक ने उन्हें बताया है कि यह कार्रवाई संस्कृति मंत्रालय के मौखिक आदेश पर की गई है।
कार्यवाहक अध्यक्ष भारत गुप्त ने कार्यालय जाना किया बंद
दो कर्मचारियों को हटाए जाने के बाद डॉ. भरत गुप्त ने विरोध स्वरूप कार्यालय जाना बंद कर दिया है। उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। 'द इंडियन एक्सप्रेस' से बातचीत में डॉ. भरत गुप्त ने कहा कि उनका कार्यकाल अब करीब दो महीने में पूरा होने वाला है। ऐसे समय में उनके कामकाज में बाधा डालने की कोशिशों से वह हैरान और आहत हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें उन्हें स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने देना चाहतीं। गुप्त के मुताबिक, NSD निदेशक ने उनके निजी स्टाफ यानी अध्यक्ष कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। निदेशक ने इसके लिए संस्कृति मंत्रालय के मौखिक आदेशों का हवाला दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि उनका कार्यालय बंद कर दिया गया है और वहां तैनात कार्यालय परिचारक को भी हटा दिया गया है। इस संबंध में उन्होंने संस्कृति मंत्रालय और केंद्रीय मंत्री को लिखित शिकायत भेजी है।
संस्कृति मंत्री से कई बार मांगा मिलने का समय, नहीं मिली सफलता
डॉ. भरत गुप्त ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि उन्होंने इस मामले को लेकर केंद्रीय संस्कृति मंत्री से मिलने के लिए कई बार अनुरोध किया, लेकिन अब तक उनकी मुलाकात नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि उन्होंने मंत्रालय के सामने अपनी आपत्तियां रखी हैं और कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के फैसले को वापस लेने की मांग की है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई समाधान निकलता नजर नहीं आ रहा है।
इस बीच, दोनों कर्मचारियों को हटाने के बाद उनके कार्यभार सौंपने को लेकर भी विवाद बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, डॉ. भरत गुप्त ने दोनों कर्मचारियों को फिलहाल अपना चार्ज किसी दूसरे को न सौंपने के लिए कहा है। दूसरी ओर, निदेशक कार्यालय की तरफ से लगभग हर दिन उन्हें कार्यभार सौंपने के लिए कहा जा रहा है।
NSD को डीम्ड यूनिवर्सिटी बनाने की योजना पर भी मतभेद
नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में चल रहे इस विवाद के पीछे केवल कर्मचारियों की बर्खास्तगी ही वजह नहीं बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. भारत गुप्त और निदेशक चित्रंजन त्रिपाठी के बीच कई प्रशासनिक मुद्दों पर मतभेद हैं। इनमें सबसे अहम मुद्दा NSD को डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी (Deemed to be University) बनाने के लिए प्रस्तावित संरचना और उसके गठन से जुड़ा है। यह प्रस्ताव फिलहाल विचाराधीन है। ऐसे में माना जा रहा है कि संस्थान के भविष्य के प्रशासनिक ढांचे को लेकर चल रही असहमति ने मौजूदा विवाद को और बढ़ा दिया है।
फिलहाल NSD के भीतर यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दो संविदा कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने से शुरू हुआ विवाद अब कार्यवाहक अध्यक्ष और निदेशक के बीच टकराव का रूप ले चुका है। डॉ. भारत गुप्त ने सीधे केंद्रीय संस्कृति मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।












