अखिलेश यादव की रैली में आखिर ऐसा क्या हुआ कि 14 साल के मासूम आर्यवर्धन की जान चली गई? बेटे को खोने के बाद मां ने अखिलेश यादव पर सीधे आरोप लगाए, अब CM योगी परिवार से मिलकर क्या बोले और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी?
गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। रैली के स्वागत में इस्तेमाल की जा रही JCB की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं जताईं और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। वहीं, मृतक की मां ने बेटे की मौत के लिए अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
- दरअसल, 18 नवंबर को अखिलेश यादव गोरखपुर में PDA रथयात्रा निकाल रहे थे। उनके स्वागत के लिए कूड़ाघाट इलाके में जेसीबी मशीन लगाई गई थी। इससे फूलों की बारिश कराई जा रही थी। इसी दौरान भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन स्कूटी से सड़क पार कर रहा था। तभी वह जेसीबी की चपेट में आ गया।
- हादसे में आर्यवर्धन के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने सड़क जाम कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
योगी ने सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय बन चुकी है। आखिर उस मासूम बच्चे की क्या गलती थी? मुख्यमंत्री ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी। योगी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
अखिलेश यादव ने भी जताया दुख
- विवाद बढ़ने के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बच्चे की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मासूम की मौत से सभी आहत हैं। उन्होंने अपनी पार्टी के लोगों से पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव मदद करने को भी कहा।
- इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर छह नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब पुलिस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों और जेसीबी चालक की भूमिका की जांच कर रही है।















