चीन के युन्नान में आयोजित इंटरनेशनल ट्विन्स फेस्टिवल 2026 में भोपाल के ट्विन्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन किया। पराग-प्रयास और प्रकृति-श्रृष्टि ने बॉलीवुड डांस से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर भारतीय संस्कृति की छाप छोड़ी।

मोजियांग (चीन)। चीन के युन्नान प्रांत में आयोजित प्रतिष्ठित 20वें इंटरनेशनल ट्विन्स फेस्टिवल-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ट्विन्स क्लब, भोपाल के जुड़वां प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। 30 अप्रैल से 4 मई तक चले इस भव्य आयोजन में क्लब के अध्यक्ष अभिषेक खरे के नेतृत्व में बॉलीवुड अभिनेता, मॉडल एवं डांसर जुड़वां पराग-प्रयास चौधरी तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जुड़वां प्रकृति-श्रृष्टि कुशवाहा ने भाग लिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इन दोनों जोड़ों ने बॉलीवुड गीतों पर दमदार डांस प्रस्तुत कर 10 हजार से अधिक दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और भारतीय संस्कृति की अनूठी छाप छोड़ी।

लिम्का बुक रिकॉर्ड में दर्ज क्लब की पहचान

वर्ष 2003 में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज ट्विन्स क्लब, भोपाल वर्ष 2014 से लगातार इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत का प्रतिनिधित्व करता आ रहा है। इस वर्ष 'Twins for Peace and Love' थीम पर आयोजित इस फेस्टिवल में अमेरिका, इंग्लैंड, मलेशिया, नाइजीरिया, घाना, युगांडा, नेपाल, श्रीलंका और वियतनाम सहित 22 देशों के 200 से अधिक जुड़वां प्रतिभागियों के साथ-साथ चीन के 500 से अधिक जुड़वां शामिल हुए।

आयोजन के दौरान प्रमुख कार्यक्रम

फेस्टिवल के दौरान कई आकर्षक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल थे

  • ग्रैंड सिटी ट्विन्स परेड (Grand City Twins Parade)
  • ट्विन्स टैलेंट शो (Twins Talent Show)
  • ब्लैक पेंट फेस्ट (Black Paint Fest
  • लॉन्ग टेबल डिनर (Long Table Dinner)
  • बारबेक्यू विलेज टूर (Barbeque Village Tour)
  • ट्विन्स म्यूजियम टूर (Twins Museum Tour)
  • आफ्टर पार्टी एवं संबोधन (After Party & Bhashan)

भारतीय संस्कृति की झलक ने जीता दिल

ग्रैंड ट्विन्स परेड में भारतीय टीम ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर अपनी रंगीन सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने सभी देशों के प्रतिभागियों को प्रभावित किया। इस अवसर पर अभिषेक खरे ने आयोजकों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर विभिन्न देशों के प्रतिभागियों से संवाद किया और भारतीय संस्कृति के साथ-साथ ट्विन्स क्लब एवं ट्विन्स इंडिया की गतिविधियों की जानकारी दी।

प्रतियोगिताओं में भारतीय प्रतिभा का जलवा

इंटरनेशनल ट्विन्स डांस प्रतियोगिता में पराग-प्रयास चौधरी और प्रकृति-श्रृष्टि कुशवाहा ने बॉलीवुड गीतों की मेडली पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

प्रतिभागियों के अनुभव

पराग-प्रयास चौधरी ने कहा

लंबे समय बाद यहां आकर ऐसा लगा जैसे हम अपने वैश्विक ट्विन्स परिवार से फिर से मिल पाए हैं।

प्रकृति-श्रृष्टि कुशवाहा ने कहा

हम यहां आकर आश्चर्यचकित रह गए। हमें अंदाजा नहीं था कि यह फेस्टिवल इतने भव्य स्तर पर आयोजित होता है और पूरी दुनिया से जुड़वां इसमें भाग लेने आते हैं।

अभिषेक खरे ने बताया

भारतीय ट्विन्स पिछले 10 वर्षों से इस फेस्टिवल में भाग ले रहे हैं, जिससे स्थानीय संस्कृति और लोगों के साथ भारत के प्रति सकारात्मक संबंध विकसित हुए हैं। यह आयोजन हम सभी के लिए एक सपने के सच होने जैसा है।

भविष्य की योजनाएं

अभिषेक खरे ने बताया कि ट्विन्स क्लब, भोपाल और ट्विन्स इंडिया भविष्य में भारत में भी एक भव्य ट्विन्स फेस्टिवल आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। इस प्रकार भारतीय जुड़वां प्रतिभागियों ने न केवल अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति का परचम भी लहराया। आने वाले समय में और अधिक भारतीय जुड़वां के इस वैश्विक मंच पर भाग लेने की उम्मीद है।