Middle East Crisis Update: दुबई में ईरानी मिसाइल और बुर्ज खलीफा खाली कराने की खबरें झूठी हैं। प्रशासन ने इसे अफवाह बताया है। हालांकि, ईरान ने 6 देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया है और अबू धाबी में 1 व्यक्ति की मौत हुई है।
Iran Attack Fact Check: ईरान-इजरायल के बीच जारी तनाव का असर क्या अब दुनिया की सबसे ऊंची इमारत पर भी पड़ा है? सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में यह दावा किया जा रहा है कि दुबई के आसमान में ईरान की मिसाइल देखी गई है।
दावा किया गया कि दुबई मरीना इलाके में ईरान से दागी गई एक मिसाइल को एयर डिफेंस सिस्टम ने रोककर तबाह कर दिया। यह भी कहा गया कि बुर्ज खलीफा के इलाके में धमाके की आवाज सुनने के बाद दहशत फैल गई। इसके साथ ही यह भी दावा किया गया कि इमरजेंसी जैसे हालात के चलते दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा से लोगों को तेजी से बाहर निकाला जाने लगा है और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
बुर्ज खलीफा खाली कराया गया? फैक्ट चेक
यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई और पूरे दुबई में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, दुबई प्रशासन ने इस खबर को पूरी तरह से झूठा बताया है। अधिकारियों के मुताबिक, ईरान की कोई भी मिसाइल दुबई में नहीं आई है। मरीना इलाके में मिसाइल गिरने या बुर्ज खलीफा को खाली कराने की सभी खबरें भी पूरी तरह से अफवाह हैं।
हालांकि, अबू धाबी में ईरान के मिसाइल हमले में एक व्यक्ति की मौत की खबर की पुष्टि हुई है। ईरान के जवाबी हमले के बाद कतर एयरवेज ने अपनी सभी उड़ानें रोक दी हैं। मिडिल ईस्ट जाने वाली बड़ी-बड़ी अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस या तो अपनी उड़ानें रद्द कर रही हैं या दूसरे रास्तों से जा रही हैं।
देखिए वायरल वीडियो
6 देशों में अमेरिकी ठिकानों पर ईरान का हमला
ईरान पर अमेरिका और इजरायल के बड़े हमले के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में जंग जैसे हालात हैं। इजरायल, ईरान के अलावा बहरीन, कतर, जॉर्डन और ओमान में भी एयरस्पेस पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इजरायल पर भयानक बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया है। इतना ही नहीं, बहरीन, यूएई समेत कुल 6 देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य और वायुसेना के ठिकानों पर भी ईरान ने मिसाइल और ड्रोन से हमला किया है। संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में ईरान के हमले में एक व्यक्ति की मौत की खबर है। सऊदी अरब में भी धमाकों की खबरें आई हैं।
मिडिल ईस्ट के ज्यादातर देशों में एयरस्पेस बंद
ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के कम से कम 6 देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इनमें बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय, संयुक्त अरब अमीरात में अल-धाफरा बेस, कतर में अल-उदइद और कुवैत में अली अल-सालेम शामिल हैं। इसके अलावा जॉर्डन और सऊदी अरब का नाम भी सामने आया है। कई जगहों से धमाकों, आसमान में मिसाइलों को रोके जाने और मलबा गिरने की खबरें हैं। बहरीन सरकार ने बताया है कि उनके देश पर हमले का असर पड़ा है और राजधानी मनामा में भारी अफरा-तफरी है।


