Israel PM Secret Meeting in UAE: ईरान तनाव के बीच इजराइली पीएम नेतन्याहू अचानक अबू धाबी पहुंचे। उन्होंने UAE राष्ट्रपति शेख मोहम्मद से गुप्त बैठक की। जानिए मायने।

Benjamin Netanyahu UAE Visit: मिडिल-ईस्ट में जारी भारी उठापटक और ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रविवार को बिना किसी पहले से तय कार्यक्रम के अचानक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी पहुंचे। वहां उन्होंने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बंद कमरे में मुलाकात की। इस हाई-लेवल बैठक की जानकारी एक सीनियर इजरायली अधिकारी के हवाले से सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया के कूटनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

नेतन्याहू और UAE राष्ट्रपति की मुलाकात पर दोनों देशों ने साधी दूरी

इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों ही देशों ने इसे पूरी तरह पर्दे के पीछे रखा है। बैठक को लेकर न तो नेतन्याहू के दफ्तर से कोई औपचारिक प्रेस रिलीज जारी की गई और न ही UAE के विदेश मंत्रालय ने कोई बयान दिया। विश्लेषकों का मानना है कि जब दो देशों के टॉप लीडर बिना किसी पूर्व सूचना के मिलते हैं और उस पर चुप्पी साध लेते हैं, तो पर्दे के पीछे कोई बहुत बड़ा क्षेत्रीय समीकरण तय होने का संकेत हो सकता है।

7 अक्टूबर की 'चेतावनी' पर गरमाया विवाद

नेतन्याहू का ये अबू धाबी दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब इजरायल के अंदर ही उनकी सरकार एक तीखे विवाद में घिरी हुई है। हाल ही में इजरायली अखबार हारेत्ज (Haaretz) की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले से करीब डेढ़ हफ्ते पहले खुद शेख मोहम्मद बिन जायद ने नेतन्याहू को आगाह किया था कि हमास किसी बड़े ऑपरेशन की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस इनपुट को नेतन्याहू ने देश की सेना या खुफिया एजेंसियों तक नहीं पहुंचाया।

नेतन्याहू का रिपोर्ट पर कड़ा रुख

नेतन्याहू ने इस पूरी रिपोर्ट को खारिज करते हुए इसे झूठा बताया है और अखबार पर मानहानि का केस करने की चेतावनी दी है। इजरायल में आगामी चुनावों को लेकर विपक्ष लगातार उन पर सुरक्षा में चूक और खुफिया नाकामी के आरोप मढ़ रहा है। यूएई ने इस विवाद पर सीधा कुछ न कहते हुए सिर्फ इतना दोहराया है कि साल 2020 के अब्राहम समझौते के बाद से दोनों मुल्कों के बीच सीधी और खुली बातचीत जारी है।

क्या पहले भी हुई हैं ऐसी सीक्रेट बैठकें?

ये पहली बार नहीं है जब दोनों नेताओं की गुप्त मुलाकात की चर्चा उठी हो। इसी साल मई में इजरायली पीएमओ ने दावा किया था कि नेतन्याहू ने यूएई का गोपनीय दौरा कर राष्ट्रपति से मुलाकात की थी, हालांकि तब यूएई ने इसका खंडन कर दिया था। बाद में सूत्रों ने पुष्टि की थी कि 26 मार्च को ओमान बॉर्डर के पास स्थित अल-ऐन शहर में दोनों नेताओं की गोपनीय बातचीत हुई थी।

क्या मिडिल ईस्ट में पक रही है कोई नई खिचड़ी?

ईरान के साथ जारी सैन्य तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल सप्लाई को लेकर बने दबाव के बीच यूएई लगातार अमेरिका और इजरायल के साथ अपने संपर्कों को मजबूत कर रहा है। यूएई के लिए इजरायल से रिश्ते खाड़ी में अपना रणनीतिक दबदबा बनाए रखने और वॉशिंगटन तक अपनी सीधी पहुंच पुख्ता करने का बड़ा जरिया हैं। ऐसे में टॉप लीडर की इस मुलाकात के अलग-अलग मायने भी निकाले जा रहे हैं।