इटली में पूर्व मेयर की पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की क्रिसमस डिनर के बाद मौत हो गई। शुरुआती शक फूड पॉइजनिंग का था, पर जांच में 'रिसिन' ज़हर की पुष्टि हुई। पुलिस इसे डबल मर्डर मानकर जांच कर रही है।

पिएट्राकाटेला: इटली से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पूर्व मेयर की पत्नी और बेटी की क्रिसमस डिनर के बाद मौत हो गई। पहले जिसे फूड पॉइजनिंग समझा जा रहा था, वो असल में एक डबल मर्डर निकला। जांच में पता चला है कि दोनों को 'रिसिन' नाम का एक खतरनाक ज़हर दिया गया था। पुलिस ने अब हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह घटना इटली के पिएट्राकाटेला शहर की है। पिछले साल दिसंबर में पूर्व मेयर गियानी डी वीटा के घर क्रिसमस पार्टी थी। 23 दिसंबर को हुए इस डिनर के बाद उनकी पत्नी एंटोनेला डी जेल्सी और बेटी सारा डी वीटा की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें लगा कि मशरूम या मछली खाने से फूड पॉइजनिंग हुई है। शुरुआती इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई।

लेकिन 24 दिसंबर को दोनों की हालत फिर से बिगड़ गई। कुछ ही घंटों के अंदर 50 साल की मां एंटोनेला और 15 साल की बेटी सारा, दोनों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद जब पोस्टमॉर्टम हुआ, तो उसमें भी कुछ भी असामान्य नहीं मिला। मामला लगभग बंद हो चुका था। लेकिन बाद में स्विट्जरलैंड और इटली में हुई एडवांस जांच में दोनों के खून में ज़हर होने की बात सामने आई। यह ज़हर अरंडी के बीजों से निकलने वाला 'रिसिन' था, जो बेहद खतरनाक होता है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने इसे हत्या मानते हुए नए सिरे से जांच शुरू की है।

इस घटना में पूर्व मेयर गियानी डी वीटा भी बीमार पड़े थे, लेकिन 55 साल के गियानी इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो गए। दंपति की 19 साल की एक और बेटी भी है, जो उस रात डिनर में शामिल नहीं थी, इसलिए वह सुरक्षित बच गई। गियानी डी वीटा पिएट्राकाटेला के पूर्व मेयर होने के साथ-साथ डेमोक्रेटिक पार्टी के एक वरिष्ठ नेता और कोषाध्यक्ष भी हैं।

पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि परिवार में किसी की मां-बेटी से कोई दुश्मनी तो नहीं थी। साथ ही, शुरुआती पोस्टमॉर्टम में लापरवाही बरतने के आरोप में पांच हेल्थ एक्सपर्ट्स के खिलाफ भी जांच शुरू की गई है। फार्मा एक्सपर्ट्स का कहना है कि रिसिन दुनिया के सबसे ज़हरीले पदार्थों में से एक है। 70 किलो वजन वाले इंसान को मारने के लिए सिर्फ 14 मिलीग्राम रिसिन ही काफी है।