IIT हैदराबाद की जापानी छात्रा हीरो ने वीडियो में अपना अनुभव बताया। शानदार स्वागत के बाद भी हॉस्टल में खराब सुविधाओं और मच्छरों से उन्हें अस्पताल जाना पड़ा। इस वीडियो ने IIT हॉस्टलों की सुविधाओं पर बहस छेड़ दी है।
इस वक्त सोशल मीडिया पर एक जापानी स्टूडेंट का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। हीरो नाम की यह स्टूडेंट खुद को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) हैदराबाद की पहली जापानी स्टूडेंट बताती हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर भारत में अपने पहले हफ्ते के अनुभव बताए हैं। वीडियो में उन्होंने बताया कि कैसे शानदार स्वागत के बाद हॉस्टल में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ये वीडियो वायरल होने के बाद IIT के हॉस्टलों की सुविधाओं पर बहस छिड़ गई है।
शुरुआत तो ज़बरदस्त थी
वीडियो की शुरुआत जापान से भारत तक के उनके सफर के दृश्यों से होती है। हीरो बताती हैं कि उनकी फ्लाइट लेट हो गई थी, लेकिन एयरपोर्ट पर अच्छी सुविधाएं होने की वजह से इंतज़ार करना मुश्किल नहीं लगा। IIT हैदराबाद पहुंचने पर इंटरनेशनल स्टूडेंट्स की मदद करने वाले 'इंटरनेशनल रिलेशंस सेल' ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। शुरुआत में उन्हें कैंपस और वहां का माहौल बहुत पसंद आया, लेकिन हॉस्टल में शिफ्ट होते ही उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।
लेकिन, हॉस्टल ने सब गड़बड़ कर दिया
हीरो ने वीडियो में बताया कि पहली ही रात उन्हें हॉस्टल में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिस्तर ठीक से नहीं लगा था, शेल्फ टूटी हुई थी, पर्दे की रॉड खराब थी और दरवाज़े का ताला भी काम नहीं कर रहा था। बाद में उन्हें बिस्तर पर मरे हुए कीड़े भी मिले। मच्छरों के काटने से उन्हें गंभीर एलर्जी हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भारत में पहली बार अस्पताल भी जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि आगे की कहानी वह दूसरे वीडियो में बताएंगी।
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने हीरो का समर्थन किया। लोगों ने कमेंट किया कि देश के टॉप संस्थानों में से एक IIT में हॉस्टल की सुविधाएं बेहतर होनी चाहिए। वहीं, कुछ लोगों ने हीरो को हिम्मत बंधाते हुए कहा कि नए मौसम और माहौल में ढलने में थोड़ा वक्त लगता है और वे उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।
