CJP Protest Today: अभिजीत दिपके ने तिरंगा फहराने के लिए जेल जाने की बात कही। दिल्ली के सेंट्रल पार्क में 6,000 जवान तैनात हैं, जबकि मुंबई के आजाद मैदान में भी प्रदर्शन होगा। जानें पूरा मामला और पुलिस की तैयारी।
Abhijit Dipke CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा है कि तिरंगा फहराने के लिए उन्हें जेल जाना पड़े, तो वह इसके लिए तैयार हैं। दिल्ली और मुंबई में पार्टी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले उन्होंने दिल्ली पुलिस पर हिरासत में लिए जाने की आशंका जताई। CJP ने अपने जेल में बंद नेताओं आशुतोष रंका और सौरव दास के समर्थन में प्रदर्शन का आह्वान किया है।
CJP Protest: अभिजीत दिपके ने क्या कहा?
- दिपके ने गुरुवार देर रात मीडिया से बातचीत में दावा किया कि इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के लोग उन पर नजर रख रहे हैं और बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां उनका पीछा कर रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि दिल्ली पुलिस उन्हें रात में या शुक्रवार सुबह हिरासत में ले सकती है।
- दिपके ने कहा कि पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेगी और तिरंगा फहराएगी।
- उनका कहना है कि तिरंगा फहराने के लिए जेल जाना पड़ा, तो वे इसके लिए भी तैयार हैं।
- उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और नए चुनाव आयुक्त की स्वतंत्र व निष्पक्ष नियुक्ति की मांग की।
- दिपके ने सवाल उठाया कि क्या चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग करना कोई अपराध है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी सत्ता बदलने की मांग नहीं कर रही है।
Delhi CJP Protest: कनॉट प्लेस में 6,000 जवान तैनात
- CJP ने शुक्रवार शाम 5 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में जुटने और तिरंगा फहराने की अपील की है। यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है।
- नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद रखने की घोषणा की है।
- कनॉट प्लेस में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 6,000 जवान तैनात किए गए हैं।
- पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू है।
- पुलिस के मुताबिक, सेंट्रल पार्क में 11 लोगों का एक समूह राष्ट्रीय ध्वज ले जा सकता है और राष्ट्रगान गा सकता है।
Delhi High Court ने प्रदर्शन पर क्या कहा?
- दिल्ली हाई कोर्ट ने CJP को राजधानी के केंद्र में प्रदर्शन करने से रोकने से इनकार कर दिया। हालांकि, अदालत ने पुलिस के उस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया कि प्रदर्शन को नियंत्रित किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल न होने की अपील की।
- सेंट्रल पार्क बंद रखने के फैसले पर दिपके ने सवाल किया कि क्या भविष्य में पार्टी 100 जगहों पर तिरंगा फहराने की घोषणा करे, तो क्या सभी जगहें बंद करा दी जाएंगी?
Mumbai CJP Protest: आजाद मैदान में भी प्रदर्शन
CJP ने मुंबई के आजाद मैदान में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन का आह्वान किया है। एक अधिकारी के अनुसार, आजाद मैदान निर्धारित प्रदर्शन स्थल होने के कारण मुंबई पुलिस ने इसकी अनुमति दे दी है।
CJP के नेता आशुतोष रंका और सौरव दास जेल में क्यों?
आशुतोष रंका और सौरव दास को बुधवार को दिल्ली के जंतर-मंतर में कथित तौर पर अनधिकृत प्रवेश करने और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले नारे लगाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। दोनों को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। CJP का ताजा प्रदर्शन इन्हीं नेताओं के समर्थन में भी आयोजित किया जा रहा है।








