Hemant Soren Mother Death: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और जेएमएम संस्थापक दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी रुपी सोरेन का निधन हो गया है। राहुल गांधी, केटीआर और रघुवर दास समेत कई बड़े नेताओं ने सोरेन परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Rupi Soren Death: झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता हेमंत सोरेन की मां रुपी सोरेन का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से सोरेन परिवार के साथ-साथ झारखंड के राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने रुपी सोरेन के निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

रुपी सोरेन, JMM के संस्थापक और दिवंगत नेता शिबू सोरेन की पत्नी थीं। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मोराबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास लाया गया है।

राहुल गांधी ने जताया गहरा दुख

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रुपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूरे सोरेन परिवार के लिए यह बेहद मुश्किल समय है। राहुल गांधी ने अपनी संवेदनाएं परिवार के साथ होने की बात कही।

हेमंत सोरेन ने बयां किया मां को खोने का दर्द

मां के निधन के बाद हेमंत सोरेन ने एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, “बाबा के जाने के बाद, मां ही मेरा सबसे बड़ा आसरा थीं। आज वह आसरा भी प्रकृति की गोद में विलीन हो गया।” हेमंत सोरेन के इस बयान से मां के साथ उनके गहरे रिश्ते और उन्हें खोने का दर्द साफ झलकता है।

राजनीतिक नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

रुपी सोरेन के निधन पर कई राजनीतिक नेताओं ने शोक जताया। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने हेमंत सोरेन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी रुपी सोरेन के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने उन्हें मां जैसा स्नेह देने वाली शख्सियत बताते हुए कहा कि उनका जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है।

JMM ने बताया संघर्ष और त्याग की प्रतीक

JMM ने आधिकारिक बयान में रुपी सोरेन को संघर्ष, त्याग और धैर्य की प्रतीक बताया। पार्टी ने कहा कि उन्होंने शिबू सोरेन के संघर्ष के दौरान हमेशा उनका साथ दिया। पार्टी के मुताबिक, रुपी सोरेन का निधन झारखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

JMM ने कहा कि मां का साया उठ जाना हेमंत सोरेन, उनके परिवार, पार्टी कार्यकर्ताओं और झारखंड की जनता के लिए बेहद पीड़ादायक है। पार्टी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

अंतिम दर्शन के लिए आवास पर रखा गया पार्थिव शरीर

रुपी सोरेन के पार्थिव शरीर को मोराबादी स्थित हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। यहां परिवार, पार्टी नेताओं और अन्य लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। उनके निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।