दिवाली पर जोधपुर की Mediagarh कंपनी ने कर्मचारियों को टाटा हैरियर, i20 और टियागो कार गिफ्ट की। 35 कर्मचारियों को सोने-चांदी के सिक्के भी दिए। जानिए कौन हैं फाउंडर पंकज बुधवानी।

जोधुपुर (राजस्थान). दिवाली पर कंपनियां अपने कर्मचारियों को बोनस, मिठाई और गिफ्ट देकर त्योहार की खुशियां बांटती हैं, लेकिन राजस्थान के जोधपुर की एक कंपनी ने इस बार सबको चौंका दिया। यहां एक कंपनी ने अपने चार बेहतरीन कर्मचारियों को दिवाली के तोहफे में नई कारें गिफ्ट की हैं। इनमें टाटा हैरियर, हुंडई i20 और टाटा टियागो जैसी गाड़ियां शामिल हैं। इतना ही नहीं, कंपनी ने 35 कर्मचारियों को सोने-चांदी के सिक्के भी दिए। इस अनोखे गिफ्ट की चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी हो रही है।

चार कर्मचारियों को मिलीं लाखों की कारें

  • जोधपुर की एजुकेशन मार्केटिंग एजेंसी Mediagarh ने 6 नवंबर को धनतेरस के मौके पर अपना दिवाली स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। जोधपुर के होटल मधुरम रॉयल में हुए इस कार्यक्रम में कर्मचारियों के साथ उनके परिवार भी शामिल हुए।
  • इस दौरान कंपनी ने चार कर्मचारियों को नई कारों की चाबियां सौंपीं। इनमें प्रोजेक्ट मैनेजर नितिन सिसोदिया को टाटा हैरियर, सीनियर अकाउंट मैनेजर महक लालवानी को हुंडई i20 और वेब डेवलपर प्रांजल माथुर तथा लीड UI/UX डिजाइनर अमन उस्मानी को टाटा टियागो गिफ्ट की गई।
  • कंपनी ने इसके अलावा 35 कर्मचारियों को सोने और चांदी के सिक्के भी दिए। कार्यक्रम में कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट हैम्पर और बेहतर प्रदर्शन के लिए अवॉर्ड भी दिए गए।

कौन हैं कंपनी के फाउंडर पंकज बुधवानी?

  • Mediagarh के फाउंडर पंकज बुधवानी डिजिटल मार्केटिंग की दुनिया में काम करते हैं। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, उन्हें डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है। वह कंपनी में फाउंडर और मार्केटिंग डायरेक्टर हैं।
  • पंकज बुधवानी SEO, सर्च इंजन मार्केटिंग, सोशल मीडिया मार्केटिंग, कंटेंट मार्केटिंग और ऑनलाइन विज्ञापन जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखते हैं। उनकी कंपनी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को मार्केटिंग और एडमिशन से जुड़ी सेवाएं देती है। Mediagarh की स्थापना 2021 में हुई थी।
  • कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर और को-फाउंडर वंशिका अग्रवाल भी इसके संचालन और मैनेजमेंट में अहम भूमिका निभाती हैं।

तीन साल से कर्मचारियों को दे रहे कारें

  • कंपनी ने कर्मचारियों को कार देने की परंपरा पिछले तीन साल से शुरू कर रखी है। पहले साल एक कर्मचारी को कार दी गई थी, जबकि दूसरे साल दो कर्मचारियों को यह तोहफा मिला। इस बार चार कर्मचारियों को कार देकर कंपनी ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया है।
  • कंपनी के फाउंडर पंकज बुधवानी के मुताबिक, कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण से ही कंपनी इस मुकाम तक पहुंची है। इसलिए उनके योगदान को खास अंदाज में सम्मान देना जरूरी है।