Kanpur Murder Case में नया ट्विस्ट आया है। फार्मा कारोबारी विनीत मिनोचा के बेटे सुब्रत को गिरफ्तार किया गया है। हत्यारे विशाल ने बयान बदलकर सुब्रत पर ₹6 लाख में हत्या की सुपारी देने और पकड़े जाने पर शालू का नाम लेने का आरोप लगाया।

Kanpur Murder Case: कानपुर के चर्चित फार्मा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में नया मोड़ तब आया जब मृतक के बेटे सुब्रत ने पुलिस के सामने खुद अपना जुर्म कबूल कर लिया। सुब्रत ने माना कि उसने ही अपने पिता की हत्या की साजिश रची थी, और पकड़े जाने पर उसने शूटर विशाल गौतम को अपनी पत्नी शालू का नाम लेने के निर्देश दिए थे। पुलिस अब इन दावों को कॉल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों से मिला रही है।

बेटे ने बदला बयान, शूटर का भी बड़ा खुलासा

शुरुआत में पुलिस को शक था कि सुब्रत की पत्नी शालू ने ही ससुर की हत्या की सुपारी दी थी। पूछताछ के दौरान सुब्रत लगातार अपनी पत्नी पर इल्जाम मढ़ता रहा। लेकिन जैसे-जैसे पुलिस का शिकंजा कसा और उसे अपनी गिरफ्तारी तय दिखने लगी, तो उसने पाला बदल लिया। सुब्रत ने कहा कि उसे इस बात का पछतावा था कि उसकी वजह से उसकी पत्नी इस केस में फंस रही है। वहीं, मुख्य आरोपी और शूटर विशाल गौतम ने भी अपने कबूलनामे में बताया कि सुब्रत ने उसे 6 लाख रुपये की सुपारी दी थी और यह हिदायत दी थी कि फंसने की स्थिति में वह शालू का नाम ले दे।

Scroll to load tweet…

Shalu Minocha: पहले पत्नी पर था शक, अब सुब्रत की भूमिका जांच में

विनीत की 5 सितंबर को कानपुर के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में पुलिस को शक था कि बहू शालू ने हत्या की साजिश रची और विशाल व राजकिशोर को इसके लिए लगाया। विशाल ने भी पहले शालू पर ही आरोप लगाए थे। लेकिन पूछताछ के दौरान उसने अपना बयान बदल दिया और सुब्रत का नाम लिया। पुलिस ने अभी शालू को क्लीन चिट नहीं दी है और उसकी भूमिका की जांच जारी है।

₹6 लाख की डील और नए सिम ने बढ़ाया शक

जांच में सामने आया कि विशाल ने हत्या से कुछ दिन पहले नया सिम लिया था। पुलिस के मुताबिक, उस नंबर से उसकी शुरुआती कॉल सुब्रत को गई थी। अब पुलिस इस संपर्क को अहम मानकर देख रही है। जांच एजेंसियां आरोपियों के बयानों को कॉल डिटेल रिकॉर्ड और दूसरे डिजिटल सबूतों से क्रॉस-चेक कर रही हैं। ताजा रिपोर्टों में जिन बातों को पुलिस जांच में अहम माना जा रहा है, उनमें सुब्रत की शूटर विशाल से 258 कॉल, नए SIM से सुब्रत को पहली कॉल, घर का CCTV बंद होना, विशाल को पहचानने से इनकार और दोनों की गतिविधियों की टाइमलाइन शामिल हैं।

कर्ज, प्रॉपर्टी विवाद और पिता से अनबन

पुलिस इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह तलाशने में जुटी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुब्रत पर 20 लाख रुपये से ज्यादा का कर्ज था। इसके अलावा, उसे डर था कि उसके पिता अपनी संपत्ति किसी और के नाम न कर दें। जून महीने में भी ऑफिस का सामान बिना बताए बेचने को लेकर पिता ने सुब्रत की जमकर क्लास लगाई थी। हत्या वाले दिन सुब्रत और उसकी पत्नी पार्टी में गए हुए थे, जबकि घर के अंदर शूटरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को जोड़ने में लगी है।

Scroll to load tweet…

Kanpur Businessman Murder: शालू को अभी नहीं मिली क्लीन चिट

पुलिस सुब्रत और उसके पिता के बीच पुराने विवाद, आर्थिक दबाव और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक सुब्रत पर कर्ज होने की बात भी सामने आई है। हालांकि हत्या की असली वजह और प्रत्येक आरोपी की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने विशाल और राजकिशोर से पूछताछ के दौरान फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी और खून लगे कपड़े भी बरामद किए हैं। अब सुब्रत, शालू और दोनों आरोपियों के बयानों को एक साथ रखकर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है।