कर्नाटक के बागलकोट में एक नाबालिग ने 19 वर्षीय दोस्त की हत्या कर दी। वजह पीटने की झूठी शेखी बघारना थी। इस पर सवाल करने पर आरोपी ने की-चेन वाले चाकू से हमला कर दिया। वह अब पुलिस हिरासत में है।
बागलकोट: कर्नाटक के बागलकोट जिले के तेरदाल कस्बे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़के ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड और दोस्तों के सामने शेखी बघारी थी कि उसने 19 साल के राहुल सप्तसागर को पीटा है। जब राहुल ने इस झूठी बात पर सवाल उठाया, तो नाबालिग ने उसकी जान ले ली।
मृतक की पहचान 19 साल के राहुल सप्तसागर के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि होली के दिन दोनों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद, नाबालिग लड़के ने अपनी गर्लफ्रेंड और दोस्तों के बीच हवा बनाने के लिए कहा कि उसने राहुल की पिटाई की है। यह बात दोस्तों के जरिए राहुल तक पहुंच गई।
झूठी शेखी पर सवाल करना पड़ा महंगा
इसी बारे में बात करने के लिए राहुल ने कल उस नाबालिग लड़के को तेरदाल के सिद्धेश्वर मंदिर के पास बुलाया। बातचीत के दौरान दोनों में बहस बढ़ गई। वहां मौजूद दूसरे दोस्तों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे। झगड़े के दौरान, आरोपी नाबालिग ने अपनी बाइक की-चेन में लगे छोटे से चाकू से राहुल की गर्दन पर वार कर दिया। यह घटना कल रात तेरदाल कस्बे के सिद्धेश्वर मंदिर परिसर में हुई। मृतक राहुल डिप्लोमा सेकंड ईयर का छात्र था। तेरदाल पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बागलकोट के एसपी सिद्धार्थ गोयल मौके पर पहुंचे और जांच की। मीडिया से बात करते हुए एसपी सिद्धार्थ गोयल ने बताया, “राहुल और आरोपी नाबालिग एक-दूसरे को जानते थे। होली पर रंग खेलने के दौरान किसी छोटी सी बात पर उनमें झगड़ा हुआ था। बाद में, नाबालिग ने अपनी दोस्त (गर्लफ्रेंड) और दूसरे दोस्तों के सामने शेखी बघारी कि उसने राहुल को पीटा है। दोस्तों ने यह बात राहुल को बता दी। इसी बारे में पूछने के लिए राहुल ने आरोपी को बुलाया था। इस दौरान बात इतनी बढ़ गई कि हाथापाई होने लगी। तभी नाबालिग ने अपने की-चेन वाले चाकू से राहुल पर हमला कर दिया। अस्पताल ले जाने तक राहुल की मौत हो चुकी थी। हम मामले की आगे जांच कर रहे हैं।”


