Karnataka Crime : कर्नाटक के यादगीर से एक ऐसी खौफनाक कहानी सामने आई है जो आपके रोंगटे खड़े कर देगी। जहां एक 22 साल की महिला के साथ एक नहीं, कई बार और कई जगहों पर रेप किया गया। पीड़िता ने जिससे भी मदद मांगी उसने हैवानियत की।

यादगीर: कर्नाटक के यादगीर जिले से शर्मनाक खबर सामने आई है। जहां एक 22 वर्षीय महिला को जबरन बंधक बनाकर कई बार कई जगह ले जाकर रेप किया गया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो रेलवे पुलिसकर्मियों समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना अलग-अलग स्थानों पर हुई और मामले की जांच की जा रही है।

बेंगलुरु से पहुंची यादगीर और..

  • पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह बेंगलुरु से ट्रेन के जरिए यादगीर पहुंची थी। रेलवे स्टेशन के वेटिंग एरिया में उसकी मुलाकात मल्लप्पा नाम के व्यक्ति से हुई। आरोप है कि उसने महिला को शादी का भरोसा देकर अपने साथ ले गया और स्टेशन के पास एक घर में उसके साथ जबरदस्ती की।
  • महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि कुछ समय बाद दो रेलवे पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उसे धमकाया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद महिला को स्टेशन पर छोड़ दिया गया।
  • बाद में महेश नाम का एक अन्य व्यक्ति महिला के पास पहुंचा। उसने खुद को मल्लप्पा का परिचित बताते हुए अस्पताल ले जाने की बात कही, लेकिन आरोप है कि वह उसे नए बस स्टैंड के पास एक लॉज में ले गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया।

नौकरी और शादी का वादा करके किया रेप

  • इसके बाद महिला कलबुर्गी चली गई। करीब एक महीने बाद मल्लप्पा ने दोबारा उससे संपर्क किया और शादी का भरोसा देकर शाहापुर बुलाया। आरोप है कि वहां भी एक लॉज में उसके साथ जबरदस्ती की गई।
  • महिला की शिकायत के मुताबिक, जब वह वापस यादगीर रेलवे स्टेशन पहुंची तो कुछ अन्य लोग उसके संपर्क में आए। आरोप है कि आकाश उर्फ पप्पू उसे कार से एक सुनसान जगह ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसने महिला को बेंगलुरु लौटने के लिए 2,000 रुपये दिए।
  • बेंगलुरु पहुंचने के बाद भी महिला से संपर्क किया गया। नौकरी और शादी का झांसा देकर उसे कलबुर्गी बुलाया गया, जहां आरोप है कि उसे दो दिनों तक एक कमरे में बंद रखा गया और उसके साथ कई बार जबरदस्ती की गई।
  • बाद में हर्ष उर्फ सुधाकर ने महिला को रहने और काम दिलाने की बात कही। आरोप है कि उसे अलंद तालुक के एक गांव में ले जाकर फिर से यौन उत्पीड़न किया गया। महिला के मुताबिक, आधार कार्ड बनवाने के बहाने उसे एक लॉज में भी ले जाया गया, जहां उसे धमकाया गया।

पीड़िता के लिए एक यात्री बना फरिश्ता

  • लगातार घटनाओं के बाद महिला किसी तरह वहां से निकलकर शाहापुर जाने वाली बस में सवार हुई। बस में एक यात्री ने उसे रोते हुए देखा और पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। पुलिस ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर यादगीर के ‘शक्ति सदन’ पहुंचाया। काउंसलिंग के बाद महिला ने पुलिस को अपनी शिकायत दी।
  • पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।