Karnataka Bandh School News: कर्नाटक बंद को लेकर एक अहम मोड़ आया है. राज्य के प्राइवेट प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों के संगठन ने बंद से अपना समर्थन वापस ले लिया है. इस फैसले से स्कूलों के खुले रहने को लेकर स्थिति बदल गई है.
Karnataka Bandh Today: कर्नाटक में कावेरी नदी का पानी तमिलनाडु को छोड़े जाने के विरोध में गुरुवार, 13 अगस्त को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। कन्नड़ संगठनों की ओर से बुलाए गए इस बंद के बीच स्कूलों को लेकर स्थिति साफ हो गई है। राज्य के स्कूल गुरुवार को सामान्य रूप से खुले रहेंगे और शैक्षणिक गतिविधियां जारी रहेंगी।
कर्नाटक के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के प्रबंधन से जुड़े संगठन ने पहले बंद को समर्थन दिया था, लेकिन बाद में स्कूल बंद रखने के फैसले से पीछे हट गया। संगठन ने स्पष्ट किया कि 13 अगस्त को स्कूल बंद नहीं किए जाएंगे, हालांकि संस्थान बंद के समर्थन में नैतिक रूप से अपनी भागीदारी जरूर जताएंगे।
स्कूल बंद नहीं होंगे, काली पट्टी बांधेंगे शिक्षक
स्कूल प्रबंधन संगठन के मुताबिक, शिक्षक, स्कूल प्रबंधन के सदस्य और गैर-शिक्षण कर्मचारी बंद के समर्थन के प्रतीक के तौर पर काली पट्टी या काला रिबन पहन सकते हैं। इस तरह स्कूलों को बंद किए बिना बंद के प्रति अपना समर्थन जताया जाएगा।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि पहले से ही शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। शिक्षकों की ड्यूटी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान में लगाए जाने के कारण स्कूलों में पढ़ाई पर असर पड़ा है। ऐसे में स्कूल बंद होने से खासकर सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में छात्रों की पढ़ाई और ज्यादा प्रभावित हो सकती है।
छात्रों को कावेरी विवाद के बारे में पढ़ाने की सलाह
स्कूल प्रबंधन संगठन ने इस मौके को छात्रों को कावेरी जल विवाद के बारे में जानकारी देने के लिए इस्तेमाल करने का सुझाव भी दिया है। इसके तहत कक्षा 5 से 12 तक के छात्रों को कावेरी विवाद से जुड़े तथ्य और उसके इतिहास के बारे में बताया जा सकता है।
यह जानकारी सुबह की प्रार्थना सभा या फिर कक्षा में दी जा सकती है। संगठन का मानना है कि छात्रों को विवाद से जुड़े तथ्यों की जानकारी देना उन्हें राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को समझने में मदद करेगा।
बेंगलुरु में सामान्य गतिविधियां जारी रहेंगी
राजधानी बेंगलुरु में पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि बंद के बावजूद सामान्य गतिविधियों पर असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। स्कूल-कॉलेज, सरकारी और निजी कार्यालय, दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और सार्वजनिक परिवहन सामान्य रूप से संचालित होने की संभावना है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना किसी डर या आशंका के अपनी रोजमर्रा की गतिविधियां जारी रखें।
सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद का आह्वान
कन्नड़ कार्यकर्ता वाटाल नागराज ने तमिलनाडु के लिए कावेरी का पानी छोड़े जाने के निर्देश के विरोध में बंद का आह्वान किया है। बंद का समय सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक रखा गया है।
हालांकि, ज्यादातर संगठनों ने बंद को केवल नैतिक समर्थन दिया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक सार्वजनिक और निजी परिवहन, दुकानें, होटल, रेस्टोरेंट, स्कूल और कार्यालयों को बंद से प्रभावित नहीं किया जाएगा। ऐसे में 13 अगस्त को कर्नाटक में सामान्य जनजीवन और स्कूलों की पढ़ाई जारी रहने की उम्मीद है।
