सनराइजर्स की सीईओ काव्या मारन संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर से शादी कर रही हैं। यह शादी 11 नवंबर को ग्रीस में होगी। इसके बाद 21 नवंबर को चेन्नई में रिसेप्शन होगा। पीएम मोदी समेत कई नेताओं को न्योता मिला है।

चेन्नई: आखिरकार सारी अफवाहों पर ब्रेक लग गया है। आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ और सन टीवी नेटवर्क की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर काव्या मारन मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर अनिरुद्ध रविचंदर के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने सबसे पहले सोशल मीडिया पर बताया था कि सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन उन्हें शादी का कार्ड देने आए थे। इसके बाद सन टीवी के चैनल सन न्यूज ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर कई और तस्वीरें शेयर कीं।

सन न्यूज की तस्वीरों में दिख रहा है कि कलानिधि मारन और उनका परिवार पीएम नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के सीएम विजय, राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर और आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू जैसे बड़े नेताओं को शादी का न्योता दे रहा है।

रिपोर्ट्स की मानें तो काव्या और अनिरुद्ध 11 नवंबर को ग्रीस में सात फेरे लेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को चेन्नई के एक फाइव स्टार होटल में ग्रैंड रिसेप्शन होगा।

कौन हैं काव्या मारन?

34 साल की काव्या मारन सन टीवी ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और सोलर टीवी की सीईओ कावेरी कलानिधि की बेटी हैं। उनका जन्म 6 अगस्त 1992 को चेन्नई में हुआ था। उन्होंने चेन्नई के स्टेला मैरिस कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद उन्होंने यूके के वारविक बिजनेस स्कूल से एमबीए की डिग्री ली। काव्या ने अपने करियर की शुरुआत पिता के बिजनेस सन टीवी ग्रुप से ही की थी। फिलहाल वह सन टीवी नेटवर्क में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। साल 2018 में जब सन ग्रुप ने आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद को खरीदा, तब काव्या को टीम का सीईओ बनाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कलानिधि मारन की कुल संपत्ति करीब 24,600 करोड़ रुपये है, जबकि काव्या मारन की अपनी नेटवर्थ लगभग 409 करोड़ रुपये है।