कार से ऑफिस जाने में जितना समय लगता है, उससे थोड़ा ज्यादा वक्त जेक को पैरामोटर तैयार करके उड़ने में लगता है। लेकिन, जेक को अपने पसंदीदा गाने सुनते हुए और आसमान के नज़ारे देखते हुए काम पर जाना बहुत पसंद है।
कोलोराडो के रहने वाले जेक हट्ज़लर ने काम पर जाने का एक ऐसा तरीका खोजा है, जिसके बारे में हम सोच भी नहीं सकते। जेक गाड़ियों के झंझट से दूर, अपनी पीठ पर एक प्रोपेलर बांधते हैं और सीधे आसमान में उड़कर अपने ऑफिस पहुंचते हैं। बचपन से ही जेक को हवाई जहाज उड़ाने का बहुत शौक था। कॉलेज के दिनों में उन्होंने पायलट का लाइसेंस भी ले लिया था, लेकिन खर्चा बहुत ज्यादा होने की वजह से उन्हें अपना ये सपना छोड़ना पड़ा।
लेकिन, उनकी जिंदगी में टर्निंग पॉइंट तब आया जब उन्होंने एक यूट्यूबर का वीडियो देखा। उस वीडियो में यूट्यूबर अपने पैरामोटर से मैकडॉनल्ड्स जाता है, खाना खरीदता है और हवा में ही उसे खाता है। जेक बताते हैं कि इस वीडियो का उन पर इतना गहरा असर हुआ कि उन्होंने भी ऐसा ही कुछ करने की ठान ली।
क्या है पैरामोटरिंग?
पैरामोटर असल में पैराग्लाइडर, इंजन और प्रोपेलर का एक शानदार कॉम्बिनेशन है। इसे पीठ पर पहनकर, जमीन पर थोड़ा दौड़कर सीधे आसमान में उड़ान भरी जा सकती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसके लिए किसी रनवे की जरूरत नहीं पड़ती। जेक अपनी इस अनोखी यात्रा के लिए 'पैराजेट मेवरिक' (Parajet Maverick) इंजन और 'ओजोन सिरोको 3' (Ozone Sirocco 3) विंग का इस्तेमाल करते हैं।
जेक कोलोराडो के प्यूब्लो शहर के ऊपर से उड़कर अपने ऑफिस जाते हैं। चूंकि पैरामोटर का साइज बहुत छोटा होता है, इसलिए ये रडार की पकड़ में नहीं आता। ऐसे में उड़ान भरने से पहले जेक टावर में बैठे अपने साथियों को इसकी जानकारी दे देते हैं। हवा में उड़ते समय वो अपनी लोकेशन का सटीक अपडेट भी देते रहते हैं। एयरपोर्ट के पास पहुंचने पर, वो हमेशा लैंडिंग की परमिशन मिलने का इंतजार करते हैं।
कार से ऑफिस पहुंचने में जितना समय लगता है, उससे थोड़ा ज्यादा वक्त पैरामोटर को सेट करने और उड़ने में लग जाता है। इसके बावजूद, जेक को अपने फेवरेट गाने सुनते हुए और आसमान से खूबसूरत नज़ारे देखते हुए काम पर जाना ही सबसे अच्छा लगता है।
पेशे से एयर ट्रैफिक कंट्रोलर जेक की लव स्टोरी भी काफी दिलचस्प है। अपनी सगाई के वक्त उन्होंने अपनी मंगेतर से झूठ बोला कि पैरामोटर का इंजन खराब हो गया है। जब मंगेतर उसे देखने आई, तो जेक ने इंजन के अंदर छिपाई हुई अंगूठी निकालकर उसे प्रपोज कर दिया। अब ये शख्स अपनी बेटी के थोड़े बड़े होने का इंतजार कर रहा है, ताकि वो उसे भी अपने साथ आसमान की सैर करा सके।






