CJI सूर्यकांत पर केरल कांग्रेस के ट्वीट से सियासी विवाद बढ़ गया। किरेन रिजिजू, तेजस्वी सूर्या और सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना चाहती है।

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) जस्टिस सूर्यकांत का इस्तीफा मांग कांग्रेस बुरी तरह घिर गई है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को केरल कांग्रेस के उस ट्वीट को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा, जिसमें पार्टी ने कहा था कि अगर आप कानून-व्यवस्था नहीं संभाल सकते तो इस्तीफा क्यों नहीं दे देते। रिजिजू ने कांग्रेस के इस ट्वीट पर निशाना साधते हुए कहा चुनाव आयोग के बाद अब कांग्रेस का अगला निशाना न्यायपालिका है। हालांकि, बवाल मचने के बाद कांग्रेस ने उस पोस्ट को डिलीट कर दिया।

किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर क्या आरोप लगाए?

  • सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रिजिजू ने कहा, कांग्रेस देश की संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भारत-विरोधी गुट एकजुट हो रहे हैं और देश के सभी देशभक्त नागरिक भी एकजुट होंगे।
  • रिजिजू ने अपनी पोस्ट के साथ केरल कांग्रेस के उस ट्वीट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत को संबोधित करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की गई थी।
  • उस ट्वीट में लिखा था, “प्रिय सूर्यकांत, अगर कानून-व्यवस्था आपके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, तो अभी इस्तीफा दे दें। हम आपकी जगह किसी ऐसे व्यक्ति को लाएंगे, जो इसे संभाल सके।”
Scroll to load tweet…

CJI सूर्यकांत के बयान पर केरल कांग्रेस की टिप्पणी

  • केरल कांग्रेस की यह टिप्पणी मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के उस बयान के संदर्भ में आई थी, जो उन्होंने सोमवार को दिल्ली में हालिया विरोध प्रदर्शनों और राष्ट्रीय राजधानी में लगाई गई पाबंदियों के बारे में पूछे गए सवाल पर दिया था।
  • एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने कहा था, “यह कानून-व्यवस्था का मुद्दा है। यह मेरा विषय नहीं है।”
  • इसके बाद केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर तीखी टिप्पणी की और उनसे इस्तीफा देने तक की बात कह दी।

ट्वीट हटने के बाद भी वायरल हुआ स्क्रीनशॉट

  • केरल कांग्रेस ने विवाद बढ़ने के बाद अपना ट्वीट हटा दिया। हालांकि, तब तक उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। इसके बाद बीजेपी के कई नेताओं ने इस मामले पर कांग्रेस की आलोचना की।
  • बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग के बाद अब न्यायपालिका पर भी सवाल उठाने और दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।

ये भी पढ़ें : 'कानून-व्यवस्था नहीं संभलती तो इस्तीफा दें सूर्यकांत', CJI पर कांग्रेस का तीखा हमला

तेजस्वी सूर्या बोले- चुनाव हारने पर चुनाव आयोग, फैसला खिलाफ आए तो कोर्ट पर हमला

बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने केरल कांग्रेस के ट्वीट को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “ये अराजकतावादी अब न्यायपालिका के पीछे पड़े हैं। अगर चुनाव हार जाओ, तो चुनाव आयोग पर हमला करो। अगर कोई फैसला आपके खिलाफ जाए, तो कोर्ट पर निशाना साधो। ये लोग हमें संविधानवाद का पाठ पढ़ा रहे हैं?” तेजस्वी सूर्या की इस टिप्पणी के जरिए बीजेपी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अपने पक्ष में फैसला नहीं आने पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है।

सुधांशु त्रिवेदी ने भी कांग्रेस की आलोचना की

  • बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने भी केरल कांग्रेस के ट्वीट की आलोचना की। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेतृत्व वाली केरल सरकार - खासकर कांग्रेस की केरल इकाई - ने X पर एक बेहद निंदनीय पोस्ट किया, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के माननीय मुख्य न्यायाधीश को संबोधित करने के लिए 'डियर सूर्यकांत' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया।”
  • त्रिवेदी ने आगे राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “या तो उन्होंने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है, या फिर उन्हें कुछ संदिग्ध ताकतों द्वारा इस हद तक गुमराह किया जा रहा है कि वे भारत की सड़कों पर अराजकता फैलाने के लिए किसी भी हद तक गिरने को तैयार हैं।”
  • इस तरह, CJI जस्टिस सूर्यकांत पर केरल कांग्रेस की टिप्पणी के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। किरेन रिजिजू, तेजस्वी सूर्या और सुधांशु त्रिवेदी ने इस ट्वीट को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति उसके रवैये पर सवाल उठाए।