केरल के तिरूर में निकाह के ठीक बाद एक दूल्हे को MDMA ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने 1.55 ग्राम ड्रग्स अपनी कार और दुल्हन के घर के बाथरूम में छिपाई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।

मलप्पुरम: केरल के तिरूर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां निकाह के ठीक बाद अपनी दुल्हन के घर पहुंचे एक दूल्हे को MDMA ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। दूल्हे ने ड्रग्स को सुहागरात के लिए सजे कमरे के बाथरूम में छिपा रखा था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस ने 26 साल के मोहम्मद शिबान को गिरफ्तार किया है, जो तवनूर का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने पहले शिबान को तिरूर के पोट्टिलाथरा इलाके में उसकी कार रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसकी कार से कुछ मात्रा में MDMA बरामद हुई।

जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो शिबान ने कबूल किया कि उसने बाकी ड्रग्स अपनी पत्नी के घर में छिपाई है। इसके बाद पुलिस टीम दुल्हन के घर पहुंची। वहां ऊपर की मंजिल पर बने दूल्हे के कमरे से जुड़े बाथरूम की तलाशी ली गई, जहां से बाकी MDMA भी मिल गई। दुल्हन के सामने पुलिस दूल्हे को पकड़ ले गई।

पुलिस ने बताया कि कार और दुल्हन के घर से कुल 1.55 ग्राम MDMA जब्त की गई है। पूछताछ में शिबान ने बताया कि वह यह ड्रग्स बेचने और खुद इस्तेमाल करने के लिए लाया था। आरोपी एक निजी अस्पताल में थेरेपिस्ट के तौर पर काम करता है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।