केतन अग्रवाल मर्डर केस में खुलासा हुआ कि उसे मंगेतर सिया के प्रेमी चेतन ने धक्का दिया था। यह एक सोची-समझी साजिश थी जो उदयपुर में रची गई। सिया ने केतन से 1 करोड़ रुपये लेकर चेतन को बिजनेस के लिए दिए थे।

पुणेः महाराष्ट्र में हुए केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे हैरान करने वाली बातें सामने आ रही हैं। पुलिस ने सिया और चेतन के बारे में कई नई जानकारियां जुटाई हैं। पहले लग रहा था कि केतन को सिया ने धक्का दिया, लेकिन अब साफ हो गया है कि ये काम चेतन का था। चेतन ने खुद कबूल किया है कि उसने ही केतन को पीछे से धक्का दिया था। जिस वक्त ये हुआ, सिया जूते का फीता बांधने के बहाने नीचे बैठ गई थी। ये भी एक प्लान का हिस्सा था, ताकि गिरते वक्त केतन उसे पकड़ न सके। बैलेंस बिगड़ने पर केतन सीधे 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उदयपुर में तैयार हुआ था प्लान

पुलिस जांच के मुताबिक, सिया और चेतन ने फरवरी में सगाई से पहले उदयपुर का एक ट्रिप किया था। हत्या की पूरी साजिश वहीं रची गई थी। सिया असल में केतन से शादी करना ही नहीं चाहती थी। चेतन ने सिया से कहा था कि उसे अपना बिजनेस शुरू करने में अभी तीन साल और लगेंगे, जिस पर सिया ने इंतजार करने के लिए हामी भर दी थी।

एक करोड़ रुपये कहां गए?

केतन, सिया से बहुत प्यार करता था और उसकी कोई बात नहीं टालता था। एक बार सिया ने शॉपिंग के लिए केतन से 1 करोड़ रुपये मांगे। केतन ने बिना कुछ सोचे-समझे उसे पैसे दे दिए। कहा जा रहा है कि सिया ने ये सारे पैसे अपना बिजनेस शुरू करने के लिए चेतन को दे दिए थे।

कार ड्राइवर ने क्या सच बताया?

केतन और सिया बाली जाने का प्लान बना रहे थे, लेकिन सिया उसके साथ नहीं जाना चाहती थी। उसके पिता साहिल गोयल ने जबरदस्ती उसे कार में बिठाया था। रास्ते में जब सब लोग चाय पीने के लिए रुके, तो सिया चुपके से कार के पास आई और केतन का पासपोर्ट चुरा लिया। एयरपोर्ट पहुंचने पर केतन को अपना पासपोर्ट नहीं मिला। कार ड्राइवर से गाड़ी चेक करने को कहा गया, लेकिन पासपोर्ट वहां भी नहीं था। अब केतन की हत्या के बाद ड्राइवर ने मीडिया के सामने इस पूरी घटना का खुलासा किया है।

क्या है केतन अग्रवाल मर्डर केस?

पुणे के रियल एस्टेट बिजनेसमैन केतन अग्रवाल (25/26) की लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान खाईं में गिरने से मौत हो गई। यह मामला 18 जून 2026 का है। शुरुआत में इसे हादसा माना गया। बता दें, उनकी सगाई सिया गोयल से हुई थी और दोनों की शादी तय थी। पुलिस जांच में आरोप लगा कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। आरोप है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दिया। जांच के अनुसार- दोनों ने पहले भी हत्या की कोशिश की थी, ऑनलाइन तरीके खोजे, कई बार रिहर्सल की। इसके बाद चेतन ने कथित तौर पर केतन को धक्का दिया। पुलिस ने सिया और चेतन को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। फिलहाल मामला कोर्ट में है।