लोहगढ़ केतन अग्रवाल हत्याकांड में पिता विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और दोषियों को कड़ी सजा की मांग की।

Ketan Agrawal Murder Case: लोनावला के लोहगढ़ किले में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड ने एक बार फिर पीड़ित परिवार के दर्द को सामने ला दिया है। 26 साल के जवान बेटे को खो चुके पिता विशाल अग्रवाल ने अब देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक भावुक चिट्ठी लिख न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने अपने पत्र में खुद को किसी उद्योगपति या प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे पिता के रूप में पेश किया है, जिसने अपने बेटे को खो दिया है।

पिता बोले- हमारा परिवार पूरी तरह टूट गया

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पत्र में लिखा कि उनके बेटे की बड़ी बेरहमी से हत्या के बाद उनका पूरा परिवार बिखर चुका है। उन्होंने कहा कि हर सुबह बेटे की याद के साथ शुरू होती है और हर रात एक ही सवाल मन में आता है कि आखिर उनके बेटे को इंसाफ कब मिलेगा। उन्होंने लिखा कि उनका परिवार अब तक भी इस गहरे सदमे से उबर नहीं पाया है और न्याय की उम्मीद ही उन्हें आगे बढ़ने का सहारा दे रही है।

20 दिनों में बेटे और पिता दोनों को खोया

विशाल अग्रवाल ने अपने पत्र में यह भी बताया कि बेटे की मौत का दुख उनके पिता सहन नहीं कर सके। केतन की हत्या के करीब 20 दिनों के भीतर उनके पिता का भी निधन हो गया। उन्होंने लिखा कि एक ही महीने में उन्होंने अपना बेटा और अपने पिता दोनों को खो दिया। इस दोहरे सदमे ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

अपने पत्र में विशाल अग्रवाल ने किसी विशेष रियायत की मांग नहीं की है। उन्होंने केवल यह अनुरोध किया है कि केतन अग्रवाल हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि मामले का जल्द निपटारा हो सके। उन्होंने यह भी मांग की कि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिले, जिससे समाज में यह स्पष्ट संदेश जाए कि निर्दोष लोगों की हत्या करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

'मेरा बेटा वापस नहीं आएगा, लेकिन न्याय जरूर मिले'

पत्र में विशाल अग्रवाल ने भावुक शब्दों में लिखा कि उनका बेटा अब कभी वापस नहीं आ सकता, लेकिन दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो भविष्य में किसी भी व्यक्ति को इस तरह का जघन्य अपराध करने से पहले सोचने पर मजबूर कर दे। उन्होंने कहा कि न्याय केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज में कानून के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए भी जरूरी है।

राष्ट्रपति से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील

विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने और जल्द न्याय सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने लिखा कि उनका परिवार सब कुछ खो चुका है और अब उनके पास सिर्फ न्याय की उम्मीद बची है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि इस मामले को सिर्फ एक और फाइल बनकर न रहने दिया जाए, क्योंकि इसके पीछे एक ऐसे परिवार का दर्द छिपा है, जिसने बहुत बड़ा नुकसान झेला है।

क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?

लोनावला के लोहगढ़ में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड के मामले में सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। अब पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि मामले की सुनवाई जल्द होगी और अदालत दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त फैसला सुनाएगी।