KFC Mangaluru Raid: मंगलुरु में एक ग्राहक की शिकायत के बाद KFC आउटलेट पर फूड सेफ्टी अधिकारियों ने छापा मारा। शिकायत में कहा गया था कि ऑनलाइन ऑर्डर में खराब चिकन मिला। अधिकारियों ने आउटलेट का गोदाम सील कर दिया है। यह अभियान मैसूर तक बढ़ाया गया, जहां तीन अन्य होटलों से एक्सपायर हो चुका मीट जब्त किया गया।
Mangaluru Food Safety Raid: कर्नाटक के मंगलुरु में फूड सेफ्टी अधिकारियों ने केएस राव रोड स्थित सिटी सेंटर मॉल के KFC आउटलेट पर अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई एक ग्राहक की शिकायत के बाद की गई, जिसमें ऑनलाइन ऑर्डर किए गए चिकन से बदबू आने और उसके खराब होने का आरोप लगाया गया था।
किचन और कोल्ड स्टोरेज की जांच
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के किचन, स्टोररूम और कोल्ड स्टोरेज यूनिट्स का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के बाद अधिकारियों ने आउटलेट के गोदाम को सील कर दिया। टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लिए गए सैंपल की लैब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल विभाग मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मैसूर में भी फूड सेफ्टी विभाग का एक्शन
मंगलुरु के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने मैसूर शहर और जिले में भी जांच अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग होटलों से बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई।
होटलों से एक्सपायर्ड चिकन और मीट जब्त
अधिकारियों ने रियो मेरिडियन होटल से 9 किलो एक्सपायर्ड चिकन, जबकि ग्रैंड मर्क्योर होटल से 68 किलो मीट जब्त किया। इसके अलावा क्यू स्टार होटल से 4 किलो मशरूम भी बरामद किया गया। विभाग की ओर से इन मामलों में आगे की जांच जारी है।
