Kolkata Pandal Stampede: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ के मामले में गिरफ्तार 7 आरोपियों को कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। बता दें कि शनिवार शाम को एक दुर्गा पूजा पंडाल में हुए इस हादसे में अब-तक19 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

कोलकाता (पश्चिम बंगाल): कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ के मामले में बैंकशाल कोर्ट ने रविवार को 7 आरोपियों को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने कोर्ट से 14 दिन की कस्टडी मांगी थी। बचाव पक्ष के वकील एमडी याशिम रहमान ने दावा किया कि ये सभी आरोपी बाहरी हैं और सिर्फ पूजा देखने आए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 1 नवंबर तक की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने 28 अक्टूबर तक की ही कस्टडी दी है।

''ये लोग बाहरी हैं और दुर्गा पूजा देखने आए थे'

वकील ने एएनआई को बताया, “हमने कोर्ट को बताया कि। जब उन्होंने वहां भारी भीड़ देखी और लोगों को परेशान देखा, तो वे बचाव काम में मदद करने लगे। कोर्ट ने सभी को 28 तारीख तक पुलिस कस्टडी में भेजा है। पुलिस ने 1 तारीख तक की मांग की थी, लेकिन जज ने 28 तक की ही मंजूरी दी।”बता दें कि शनिवार शाम को एक दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ था। इस भगदड़ में19 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

कई मासूम बच्चों की हो गई दर्दनाक मौत

पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष रितब्रत बनर्जी ने इस घटना पर राजनीति न करने की अपील की है।उन्होंने एएनआई से कहा, "मैंने देखा कि सड़कें काफी खाली थीं क्योंकि हमने अपने नागरिकों को खो दिया है। छोटे बच्चों की जान गई है। सबसे अहम बात यह है कि यह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसी घटना के बाद कुछ राजनीतिक दल तुरंत हमलावर हो गए। हमने कल भी साफ कहा था कि यह राजनीति का वक्त नहीं है। राजनीतिक पोस्टमार्टम बाद में हो सकता है। मुख्यमंत्री ने बताया है कि क्या कदम उठाए गए हैं। मैं उनसे सहमत या असहमत हो सकता हूं, लेकिन अभी राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए।"

"दिल तोड़ने वाला हादसा

  • केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इस घटना को "बेहद दर्दनाक" और "दिल तोड़ने वाला" बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया और घायलों के परिवारों को मदद पहुंचाई। उन्होंने सलाह दी कि इस तरह के आयोजनों में सभी को सावधानी बरतनी चाहिए।
  • इससे पहले, रविवार को भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। कोलकाता पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें पूजा कमेटी के सचिव राज कुमार सेवड़ा उर्फ राजा, उपाध्यक्ष शांतनु दुबे और बांस का ढांचा बनाने वाले बिप्लब मुखर्जी उर्फ जॉय शामिल हैं।
  • पश्चिम बंगाल सरकार ने हर मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही, जिम्मेदारी तय करने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। (एएनआई)