लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग में अब तक 14 शव बरामद किए जा चुके हैं। डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में शनिवार को हुई भीषण आग की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। एक बहुमंजिला इमारत में लगी आग ने कुछ ही देर में भयावह रूप ले लिया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 14 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि राहत और बचाव दल लगातार इमारत के भीतर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आग उस भवन में लगी, जहां नीचे पेट शॉप संचालित हो रही थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर अन्य गतिविधियां चल रही थीं। आग लगने के बाद पूरे भवन में धुआं फैल गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
राहत अभियान में जुटी कई एजेंसियां
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आपदा राहत दल लगातार मौके पर तैनात हैं। अब तक 11 लोगों को भवन से बाहर निकाला जा चुका है। बचाव कार्य के दौरान स्टेचर लेकर टीमें तेजी से इमारत के भीतर जाती दिखाई दीं।
घटनास्थल पर उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्णा और अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद भी पहुंच चुके हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहले से ही मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जब तक पूरी इमारत की जांच नहीं हो जाती, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है और कहा है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। जैसे-जैसे राहत अभियान आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे हादसे से जुड़ी नई जानकारियां सामने आ रही हैं। पूरे शहर की नजर अब इस बचाव अभियान और जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।


