दिव्या मिश्रा की बहन प्रज्ञा की भावुक पोस्ट में पूर्णागिरि जाने की प्लानिंग और 2 रिवॉल्वर से रेकी का दावा सामने आया। लखनऊ में हुए इस सनसनीखेज मर्डर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Divya Mishra Murder Case Update: लखनऊ के गोमती नगर में हुए दिव्या मिश्रा हत्याकांड में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। दिव्या की बहन और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने बहन को याद करते हुए लिखा- काश दिव्या इतनी भोली नहीं होतीं। काश कि आज हम पूर्णागिरि घूमने चले गए होते। उनकी इस रहस्यमयी पोस्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या पूर्णागिरी घूमने जाने की प्लानिंग थी?
दिव्या की बहन प्रज्ञा की पोस्ट से तो यही जाहिर होता है कि पहले उनकी प्लानिंग पूर्णागिरी मंदिर घूमने की थी। हालांकि, बाद में शायद प्लान कैंसिल हो गया और दिव्या अपने काम पर बैंक चली गई, जहां उनके पति मानस वाजपेयी ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बाद में अपनी बहन शीबा को गोली मार खुद भी आत्महत्या कर ली। इस ट्रिपल मर्डर केस ने सिर्फ लखनऊ ही नहीं बल्कि पूरे देश को झकझोर दिया है।
क्या कहती है प्रज्ञा मिश्रा की इमोशनल पोस्ट
- प्रज्ञा मिश्रा के मुताबिक, मेरी बहन दिव्या मिश्रा लखनऊ के गोमतीनगर आईसीआईसीआई बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर थी।
- हालांकि, वो पति की साइको हरकतों और उसकी बहन की पागलपन की बीमारी की वजह से अलग रह रही थी।
- रोज की तरह वो सुबह 9 बजे दफ्तर पहुंची थी, जहां उसने अपना कामकाज निपटाया और उसके बाद वो किसी से चेक कलेक्ट करने के लिए अपने कलीग के साथ बाहर चली गई।
- इस दरमियान उसका साइको पति मानस वाजपेयी दो रिवॉल्वर के साथ ऑटो से रेकी कर रहा था।
- जब वो बैंक पहुंची तो गेट पर ही उसके पति ने पहले रिवॉल्वर से गोली चलायी..फिर रिवॉल्वर की बट से चेहरे और सिर पर कई वार किए।
- पास खड़े सब लोग डर के मारे जान बचाकर भाग गए। इसके बाद मानस ने दूसरी रिवॉल्वर निकाली और उससे दिव्या के माथे पर फायर किया।
- दिव्या तुम अब नहीं हो ये यकीन कर पाना मुश्किल है..तुम मम्मी की बेटी थीं..मम्मी का बार बार फोन आ रहा है..मेरी हिम्मत नहीं है की की मैं उनको कह सकूं कि तुम अब नहीं रहीं।
- दिव्या काश के तुम इतनी सीधी नहीं होतीं..काश के हम आज पूर्णागिरि घूमने चले गए होते…।
दिव्या मिश्रा हत्याकांड में जांच जारी
गोमती नगर में दिव्या मिश्रा की हत्या के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात से जुड़े घटनाक्रम, आरोपी के कदमों और परिवार के बीच चल रहे विवाद समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रज्ञा मिश्रा की भावुक पोस्ट ने मामले में पूर्णागिरि प्लान, दिव्या के अलग रहने और कथित रेकी से जुड़े कई सवालों को सामने ला दिया है।


