लुधियाना में दूसरी शादी के विवाद में 60 वर्षीय पिता ने 40 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में पिता ने भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बेटा अपने पिता के पुनर्विवाह के सख्त खिलाफ था।

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में एक बाप ने अपने ही बेटे को सड़क पर दौड़ाकर गोली मार दी और फिर घर जाकर खुद भी जहर खाकर जान दे दी। 60 साल के पिता दूसरी शादी करना चाहते थे, लेकिन उनका 40 साल का बेटा इसके सख्त खिलाफ था। इसी बात को लेकर हुए झगड़े ने दो जिंदगियां खत्म कर दीं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह घटना लुधियाना के न्यू अगर नगर में रविवार देर रात हुई। पुलिस के मुताबिक, 60 साल के रिटायर्ड फौजी सुरिंदर सिंह ने अपने 40 साल के बेटे गुरशरण सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने खुद भी आत्महत्या कर ली। इस खूनी खेल की वजह सुरिंदर सिंह की दूसरी शादी करने की जिद थी।

करीब पांच साल पहले सुरिंदर सिंह की पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद से वो दोबारा शादी करना चाहते थे। उन्होंने यह बात अपने बेटे गुरशरण को बताई, जो अब तक अविवाहित था। लेकिन गुरशरण इस शादी के लिए राजी नहीं था। पड़ोसियों का कहना है कि पिछले तीन साल से इसी बात को लेकर बाप-बेटे में अक्सर झगड़ा होता था। सुरिंदर सिंह की दो बेटियां भी हैं, जो विदेश में रहती हैं। घर पर सिर्फ ये दोनों ही रहते थे।

रविवार रात को खाने के वक्त एक बार फिर इसी मुद्दे पर दोनों में बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर सुरिंदर सिंह अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक उठा लाए और बेटे पर गोली चला दी। पहली बार गोली मिसफायर हो गई, तो गुरशरण अपनी जान बचाने के लिए गली की तरफ भागा। लेकिन सुरिंदर सिंह ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और सड़क पर ही उसे गोली मार दी। गोली लगने से गुरशरण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बेटे की हत्या करने के बाद सुरिंदर सिंह वापस घर आए, अंदर से दरवाजा बंद किया और जहर खा लिया। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी बाहर आए तो उन्होंने गुरशरण को खून से लथपथ पड़ा देखा। लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। पुलिस ने जब घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर सुरिंदर सिंह बेहोश पड़े थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी को भी बचाया नहीं जा सका।

पुलिस को शक है कि घटना के वक्त बाप-बेटा दोनों नशे में थे। मौके से बंदूक और जहर की शीशी बरामद कर ली गई है। सराभा नगर पुलिस ने बताया कि विदेश में रह रही बेटियों को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिए जाएंगे।