Madhya Pradesh Accident: मध्य प्रदेश के बदनावर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। परिवार उज्जैन महाकालेश्वर के दर्शन कर लौट रहा था।
बदनावर. मध्य प्रदेश के बदनावर में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि यहां एक कंटेनर ट्रक गलत दिशा यानी रॉन्ग साइड से आकर एक कार से टकरा गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हाइवे पर राहगीरों की भीड़ लग गई।
उज्जैन महाकालेश्वर के दर्शन करके लौट रहा था परिवार
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कंटेनर ट्रक का ड्राइवर नशे में था और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धार जिले के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) विजय डावर ने ANI को बताया, "बदनावर में एक दुखद सड़क हादसा हुआ है, जिसमें छह लोगों की जान चली गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक परिवार उज्जैन महाकालेश्वर के दर्शन करके लौट रहा था। तभी सामने से गलत दिशा से आ रहे एक कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी।
शराब के नशे में ट्रक दौड़ा रहा था ड्राइवर
धार एसपी ने कहा, "इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। एक घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कंटेनर का ड्राइवर नशे में था। उसका MLC (मेडिको-लीगल केस) कराया जाएगा और गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
मामले में और जानकारी का इंतजार है।
