रीवा में एक पति ने दहेज के 1 लाख रुपये के लिए पत्नी के प्राइवेट वीडियो बनाए। मांग पूरी न होने पर उसने नहाते हुए वीडियो वॉट्सऐप पर वायरल कर दिए। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रीवा: पति-पत्नी के बीच झगड़े और मनमुटाव आम बात है, लेकिन मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक पति ने सारी हदें पार कर दीं। यहां एक शख्स ने दहेज के लिए अपनी ही पत्नी के प्राइवेट वीडियो बना लिए और फिर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी ने वॉट्सऐप ग्रुप्स में पत्नी के नहाते हुए वीडियो शेयर कर दिए और बचे हुए दहेज के पैसे न देने पर और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शर्मनाक: पति ने बनाए पत्नी के प्राइवेट वीडियो

आरोपी का नाम शिवम साहू है। उसकी शादी 10 मई, 2025 को हुई थी। शादी के बाद से ही वह अपनी पत्नी को दहेज के लिए परेशान करने लगा था। इसी दौरान उसने चुपके से बेडरूम में पत्नी के कई प्राइवेट वीडियो बना लिए। हद तो तब हो गई जब उसने पत्नी के नहाते समय का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। शिवम इन्हीं वीडियो के दम पर पत्नी को ब्लैकमेल करने लगा। वह लगातार दहेज के बाकी पैसों की मांग कर रहा था और पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। पत्नी ने सोचा कि उसका पति ऐसी शर्मनाक हरकत नहीं करेगा और वह चुपचाप सब सहती रही।

जब पत्नी के वॉट्सऐप पर ही आया अपना वीडियो

लेकिन आरोपी पति ने 12 फरवरी को ये वीडियो कुछ वॉट्सऐप ग्रुप्स और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए। कुछ ही मिनटों में ये वीडियो वायरल हो गए और परिवार के ग्रुप्स तक भी पहुंच गए। जब महिला के करीबियों ने उसे वही वीडियो भेजकर पूछा कि यह सब क्या है, तब उसे अपने पति की क्रूरता का एहसास हुआ।

पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत

वीडियो वायरल होते ही पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने अपनी शिकायत में पति के टॉर्चर, वीडियो बनाने और उन्हें वायरल करने की पूरी कहानी बताई। महिला के माता-पिता ने भी पुलिस को बताया कि शादी के वक्त शिवम ने 3 लाख रुपये दहेज की मांग की थी। उन्होंने किसी तरह 2 लाख रुपये का इंतजाम करके दे दिया था, लेकिन बाकी 1 लाख रुपये के लिए वह उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था।

शिकायत दर्ज होते ही शिवम साहू मुंबई भाग गया। जब उसके पास पैसे खत्म हो गए, तो वह मुंबई से सीधे अपनी पत्नी के मायके पहुंचा। वहां उसने चाकू दिखाकर अपने ससुराल वालों को बाकी पैसे देने के लिए धमकाया। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और पैसे का इंतजाम करने का नाटक कर उसे बातों में उलझाए रखा। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और शिवम साहू को गिरफ्तार कर लिया।