महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। बीजेपी ने ग्रेजुएट और टीचर कोटे की 5 में से 3 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग होगी।
मुंबई : महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ग्रेजुएट और टीचर कोटे की 5 में से 3 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी। इन सभी 5 सीटों पर 23 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। बीजेपी ने पुणे डिवीजन ग्रेजुएट सीट से स्मिता जाधव को टिकट दिया है। वहीं, नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट सीट से सुधाकर कोहले और पुणे डिवीजन टीचर सीट से कौस्तुभ गावड़े को मैदान में उतारा है।
महाराष्ट्र में इन सीटों पर होना हैं चुनाव
- आपको बता दें कि विधान परिषद की इन 5 सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को खत्म हो रहा है। जिन सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें औरंगाबाद (संभाजी नगर), पुणे और नागपुर डिवीजन की तीन ग्रेजुएट सीटें शामिल हैं। इसके अलावा अमरावती और पुणे डिवीजन की दो टीचर सीटें भी हैं।
- कांग्रेस पार्टी पहले ही 5 में से 3 सीटों पर अपने पत्ते खोल चुकी है। पार्टी ने नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट सीट से अभिजीत वंजारी और पुणे डिवीजन टीचर सीट से जयंत दिनकर असगांवकर पर फिर से भरोसा जताया है। वहीं, अमरावती डिवीजन टीचर सीट से अदिति पोहरे को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
जानिए विधान परिषद चुनाव का पूरा शेड्यूल
- चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, 29 सितंबर को ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी हो गया था। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। सभी 5 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी।
- ये चुनाव चुनाव आयोग के महाराष्ट्र विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम के तहत हो रहे हैं। चुनाव से जुड़ी पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक खत्म कर ली जाएगी।


