Rajya Sabha Elections: चुनाव आयोग ने मंगलवार को यूपी, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही यूपी, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में 28 विधान परिषद (MLC) सीटों पर भी चुनाव होंगे।

नई दिल्ली। चुनाव आयोग (ECI) ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया। इसके साथ ही यूपी, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में ग्रेजुएट और टीचर कोटे की विधान परिषद (MLC) सीटों पर भी चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया है। आयोग के नोटिफिकेशन के मुताबिक, यूपी की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट पर चुनाव होंगे। इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर में खत्म हो रहा है। वहीं, पश्चिम बंगाल में भी राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव होगा। यह सीट टीएमसी सांसद रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।

जानिए राज्यसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल

राज्यसभा चुनाव के लिए 29 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक अपना नामांकन भर सकेंगे। 7 अक्टूबर को पर्चों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। वोटिंग 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती भी हो जाएगी।

यूपी के इन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल पूरा

  • यूपी से जिन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बृजलाल, बीएल वर्मा, रामगोपाल यादव, नीरजा शेखर, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, रामजी, सीमा और डॉ. दिनेश शर्मा शामिल हैं। वहीं, उत्तराखंड से नरेश बंसल रिटायर हो रहे हैं।
  • चुनाव आयोग ने साफ किया है कि बैलेट पेपर पर वोट डालने के लिए सिर्फ रिटर्निंग ऑफिसर की तरफ से दिए गए खास 'वायलेट कलर' (बैंगनी रंग) के स्केच पेन का ही इस्तेमाल करना होगा।

बिहार से महाराष्ट्र तक होंगे MLC चुनाव

  • एक अलग आदेश में चुनाव आयोग ने 4 राज्यों की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों पर भी चुनाव का ऐलान किया है। इनमें यूपी की 11 (5 ग्रेजुएट और 6 टीचर), बिहार की 8 (4 ग्रेजुएट और 4 टीचर), महाराष्ट्र की 5 (3 ग्रेजुएट और 2 टीचर) और कर्नाटक की 4 (2 ग्रेजुएट और 2 टीचर) सीटें शामिल हैं।
  • विधान परिषद चुनाव के लिए भी 29 सितंबर को ही नोटिफिकेशन जारी होगा। नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को स्क्रूटनी होगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इन सभी 28 सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे, जबकि 27 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि इन चारों राज्यों के संबंधित ग्रेजुएट और टीचर निर्वाचन क्षेत्रों में आचार संहिता तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है।