Meerut Shocking News: मेरठ के परतापुर क्षेत्र के अछरोंडा श्मशान घाट में चिता के पास तंत्र-मंत्र करते एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। आरोप है कि वह अजीब हरकतें कर रहा था और संदिग्ध सामान इकट्ठा कर रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक श्मशान घाट में चिता के पास बैठकर तंत्र-मंत्र जैसी क्रिया करते एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक अजीब हरकतें कर रहा था और चिता के पास कुछ सामान रखकर मंत्र जैसी आवाजें निकाल रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, फिर पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह मामला मेरठ के अछरोंडा श्मशान घाट का बताया जा रहा है, जो परतापुर थाना क्षेत्र में पड़ता है। पुलिस के मुताबिक 4 मार्च की शाम इंदिरापुरम कॉलोनी में रहने वाले 58 वर्षीय गोपाल का निधन हो गया था। उनके परिवार के लोगों ने अछरोंडा के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया और बाद में घर लौट गए। कुछ देर बाद परिवार के सदस्य किसी काम से फिर श्मशान घाट पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि एक युवक चिता के पास बैठा हुआ है और कुछ अजीब हरकतें कर रहा है।

यह भी पढ़ें: ‘नाक काटने पर 21 लाख का इनाम’…ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला, बाथरूम में छुपकर बचाई जान

चिता के पास बैठकर कर रहा था तंत्र-मंत्र

परिजनों के मुताबिक युवक का व्यवहार काफी अजीब था। वह चिता के पास बैठकर कुछ सामान इकट्ठा किए हुए था और मुंह से अलग-अलग तरह की आवाजें निकाल रहा था। लोगों का कहना है कि उसके पास कुछ ऐसी चीजें भी थीं जो मानव कंकाल जैसी लग रही थीं। यह देखकर मृतक के परिजन और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। इसके बाद लोगों ने युवक को वहीं पकड़ लिया।

भीड़ ने की पिटाई, फिर पुलिस को सौंपा

घटना से गुस्साए लोगों ने पहले युवक की पिटाई कर दी। बाद में किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह श्मशान घाट में आखिर क्या कर रहा था और वहां पहुंचने की वजह क्या थी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी के जवाब काफी चौंकाने वाले बताए जा रहे हैं, लेकिन अभी मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह मामला तंत्र-मंत्र से जुड़ा है या इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई पूछताछ के आधार पर की जाएगी।

यह भी पढ़ें: 5 PHOTOS में देखिए महाकाल की गेर का नजारा, रंगों में सराबोर दिखे सीएम मोहन यादव