उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां 1 दूल्हे ने शादी के अगले दिन पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद दोनों परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी खुशी के बाद दूल्हे ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया?

मेरठ (उत्तर प्रदेश). शादी की हर किसी को बडी़ बेसब्री से इंतजार होता है, क्योंकि इसके बाद की जिदंगी सबसे अलग तरीके से शुरू होती है। लेकिन यूपी के मेरठ से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां शादी की खुशियां अगले ही दिन मातम में बदल गईं। यानि दूल्हे ने 7 फेरे लेने के अगले दिन सुसाइड कर लिया। युवक का शव खरखौदा थाना क्षेत्र के एक गांव में आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान यूनुस के रूप में हुई है। आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मंगलवार को हुई थी शादी

  • जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर यूनुस की बारात मेरठ के पावली खास गांव गई थी। वहां निकाह की रस्म पूरी होने के बाद वह पत्नी के साथ अपने घर लौटा। घर पहुंचने पर परिवार ने आतिशबाजी की और शादी की खुशी मनाई।
  • परिजनों के मुताबिक, निकाह के बाद सब कुछ सामान्य था। यूनुस ने अपनी पत्नी की मेहर की रकम भी अदा कर दी थी। इसके बाद वह पत्नी के साथ कमरे में चला गया। परिवार को उस समय किसी तरह की परेशानी या अनहोनी का अंदेशा नहीं था।

सुबह घर से निकलकर बाग पहुंचा

  • बुधवार सुबह यूनुस बिना किसी को बताए घर से निकल गया। वह बदली मस्जिद के सामने से होते हुए बरामपुर निवासी तेजवीर सिंह के आम के बाग में पहुंचा। कुछ देर बाद उसने कथित तौर पर पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
  • सुबह खेत की तरफ जा रहे एक किसान की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों और यूनुस के परिवार को दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने शव नीचे उतारा

  • सूचना मिलने के बाद खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। घटना को लेकर पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी ली।
  • फिलहाल यूनुस ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आई है। परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

शादी के अगले दिन मौत से परिवार सदमे में

जिस घर में एक दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। यूनुस की मौत से परिवार और गांव के लोग भी सदमे में हैं। आत्महत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

डिस्क्लेमर: आत्महत्या के बारे में बात करना कुछ लोगों के लिए परेशान करने वाला हो सकता है। हालांकि, आत्महत्या को रोका जा सकता है। अगर आपको मदद की जरूरत है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे मदद की जरूरत है, तो कृपया अपने नजदीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

हेल्पलाइन: आसरा: 022 2754 6669; स्नेहा इंडिया फाउंडेशन: +914424640050 और संजीवनी: 011-24311918, रोशनी फाउंडेशन (सिकंदराबाद) संपर्क नंबर: 040-66202001, 040-66202000; वन लाइफ: संपर्क नंबर: 78930 78930, सेवा: संपर्क नंबर: 0944177829