लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अगला सेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। वे 1 जुलाई से पदभार ग्रहण करेंगे। लगभग 4 दशकों के अनुभव वाले सेठ वर्तमान में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर हैं।
नई दिल्ली: सरकार ने शनिवार को लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अगला सेना प्रमुख नियुक्त करने का ऐलान किया है। वह 1 जुलाई से अपना पदभार ग्रहण करेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल सेठ अपने साथ करीब चार दशकों का लंबा ऑपरेशनल और रणनीतिक अनुभव लेकर आ रहे हैं।

कैसा रहा है करियर?
लेफ्टिनेंट जनरल सेठ खड़कवासला में नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के छात्र रहे हैं। उन्हें दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कॉर्प्स में कमीशन मिला था। इतने सालों में उन्होंने अलग-अलग इलाकों में सेवाएं देकर एक शानदार करियर बनाया है। उनके पास काउंटर-इंसरजेंसी यानी आतंकवाद विरोधी अभियानों का भी बड़ा अनुभव है।
उन्होंने डेजर्ट सेक्टर में एक आर्मर्ड रेजिमेंट, एक डेवलप्ड सेक्टर में आर्मर्ड ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर में एक काउंटर-इंसरजेंसी फोर्स की कमान संभाली है। जब उन्हें आर्मी कमांडर रैंक पर प्रमोट किया गया, तो उन्होंने साउथ वेस्टर्न कमांड और सदर्न कमांड दोनों के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के तौर पर काम किया। इस तरह उन्हें वेस्टर्न फ्रंट पर दो ऑपरेशनल कमांड संभालने का एक दुर्लभ गौरव हासिल है। लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर प्रमोशन के बाद, उन्होंने भोपाल स्थित XXI कॉर्प्स की कमान संभाली, जिसे सुदर्शन चक्र कॉर्प्स भी कहा जाता है। यह सेना की एक प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन है।
पढ़ाई और ट्रेनिंग में भी अव्वल
रिपोर्ट के मुताबिक, लेफ्टिनेंट जनरल सेठ पढ़ाई और ट्रेनिंग से जुड़े सभी कोर्स में हमेशा अव्वल रहे हैं। वह जूनियर कमांड कोर्स में पहले स्थान पर आए थे और डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में उन्हें 'बेस्ट ऑल राउंड स्टूडेंट ऑफिसर मेडल' से सम्मानित किया गया था। उन्होंने हायर कमांड कोर्स और प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस कॉलेज में भी हिस्सा लिया है। फिलहाल, लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के तौर पर भारतीय सेना में दूसरे सबसे सीनियर पद पर हैं।
