VS Babu Death News : तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री विजय की पार्टी TVK को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के विधायक वीएस बाबू का निधन हो गया है, जिन्होंने विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को हराया था। उनके निधन से कोलाथुर सीट खाली हो गई है और अब यहां उपचुनाव की संभावना है।
चेन्नई. तमिलनाडु की राजनीति में 19 नवंबर को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक वी.एस. बाबू का निधन हो गया। उन्होंने चेन्नई के MGM हेल्थकेयर अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन के बाद कोलाथुर विधानसभा सीट खाली हो गई है। इस सीट पर अब उपचुनाव होने की संभावना है।
कौन थे वी.एस. बाबू?
- वी.एस. बाबू तमिलनाडु की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत डीएमके से की थी। वह पार्टी के उत्तर चेन्नई जिला सचिव भी रह चुके थे। 2006 में डीएमके के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। उन्होंने पुरासावक्कम विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया।
- बाद में उन्होंने डीएमके छोड़कर एआईएडीएमके का दामन थाम लिया। इसके बाद फरवरी 2026 में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गए।
कैसे हुआ निधन?
बाबू को 9 सितंबर 2026 को सांस लेने में परेशानी के बाद चेन्नई के MGM हेल्थकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया था। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी, लेकिन उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। अस्पताल के मुताबिक, 19 नवंबर को उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद दोपहर 2 बजकर 24 मिनट पर उनका निधन हो गया।
स्टालिन को हराकर आए थे चर्चा में
वी.एस. बाबू को सबसे ज्यादा चर्चा 2026 के विधानसभा चुनाव में मिली थी। टीवीके ने उन्हें कोलाथुर सीट से डीएमके प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के खिलाफ मैदान में उतारा था। इस चुनाव में बाबू ने स्टालिन को 8,795 वोटों से हरा दिया था। बाबू को 82,997 वोट मिले, जबकि स्टालिन को 74,202 वोट हासिल हुए थे। यह चुनाव परिणाम तमिलनाडु की राजनीति का बड़ा उलटफेर माना गया।
क्या कोलाथुर में फिर होगा उपचुनाव?
विधायक के निधन के बाद कोलाथुर सीट खाली हो गई है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 151A के मुताबिक, विधानसभा की खाली सीट पर सामान्य तौर पर छह महीने के भीतर उपचुनाव कराना होता है। हालांकि, कार्यकाल एक साल से कम बचने या चुनाव कराना मुश्किल होने की स्थिति में छूट मिल सकती है। ऐसे में कोलाथुर में उपचुनाव होने की संभावना है। चुनाव आयोग इसकी तारीखों का ऐलान करेगा।














