मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
मुरैना (मध्य प्रदेश). मुरैना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शुक्रवार रात को माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में हुई। मामले का खुलासा शनिवार सुबह हुआ, जब पड़ोसियों ने घर में शव देखे और पुलिस को सूचना दी।

पत्नी और दो बच्चों को मारकर खुद भी मर गया
मुरैना के पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मराज मीणा ने बताया, "आज सुबह किशनपुर गांव में एक घटना की सूचना मिली कि एक आदमी ने अपने घर पर पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि बलराम कुशवाह नाम के शख्स ने अपनी पत्नी और दो बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। यह भी पता चला कि बलराम कुशवाह ने भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है।"
शक ने खत्म कर दिया पूरा परिवार!
- पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और आगे की जांच की जा रही है।
- उन्होंने आगे कहा, "पहली नजर में यह मामला पत्नी के चरित्र पर शक के चलते की गई हत्या का लग रहा है। ऐसा लगता है कि अपराध करने के बाद आरोपी ने पछतावे में आकर आत्महत्या कर ली।"
शुक्रवार की नाइट बनी कत्ल की रात
- जानकारी के मुताबिक, आरोपी बलराम कुशवाह (35) का अपनी पत्नी रविता कुशवाह (32) से अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसी अनबन के चलते रविता पिछले कुछ दिनों से अपने मायके कुटवार गांव में रह रही थीं। दो दिन पहले ही पंचायत स्तर पर हुए समझौते के बाद बलराम उसे वापस किशनपुर गांव ले आया था। लेकिन शुक्रवार रात को दोनों के बीच फिर से कहासुनी हो गई।
- झगड़े के बाद गुस्से में आकर बलराम ने कथित तौर पर रविता और अपने दो नाबालिग बेटों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। (ANI)


