Kanwar Yatra Arrangements :मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्रावण के महीने में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर अफसरों को बड़े निर्देश दिए हैं। साथ ही महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर तक खास प्लान भी बनाया है।
उज्जैन (मध्य प्रदेश): सावन का पवित्र महीना शुरू हो गया है। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही CM यादव ने राज्य के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर भक्तों और कांवड़ यात्रियों के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं।
कांवड़ियों को हर 15 किलोमीटर मिले भोजन
CM यादव ने कहा कि श्रावण भगवान शिव की पूजा के लिए एक पवित्र महीना है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि इस दौरान होने वाली कांवड़ यात्रा में तीर्थयात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के रास्तों पर हर 15 से 20 किलोमीटर की दूरी पर भोजन और प्रसादी की व्यवस्था की जाए।
महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर में होंगे खास इंतजाम
CM ने कहा, पवित्र माह में हम भगवान भोलेनाथ की पूजा करते हैं और पूरा महीना उन्हें समर्पित करते हैं। ऐसे में, मैंने प्रदेश के सभी तीर्थ स्थलों पर प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो और उनकी जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार कांवड़ यात्रियों के लिए हर संभव व्यवस्था कर रही है. खासकर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और अमरकंटक जैसे बड़े शिव मंदिरों पर खास ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि सावन में यहां भारी भीड़ होती है।
कब से कब तक चलती है कांवड़ यात्रा?
हिंदू धर्म में श्रावण (या सावन) का बहुत महत्व है। माना जाता है कि यह भगवान शिव का सबसे प्रिय महीना है. इस महीने में शिव की पूजा करने से सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है. इस साल सावन का पवित्र महीना 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को खत्म होगा।


