मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे तेज़ी से विकास करने वाले राज्यों में शामिल है। उज्जैन में 760 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ। सिंहस्थ को देखते हुए सड़क, घाट और धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास किया जा रहा है।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश लगातार विकास के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। आज प्रदेश की गिनती देश के सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्यों में होती है। यही मध्यप्रदेश का अभ्युदय है। एक हालिया राष्ट्रीय सर्वे के अनुसार, मध्यप्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सबसे कम है।
सभी वर्गों को समान अवसर देने से घट रही बेरोजगारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी कम होने का मुख्य कारण यह है कि सरकार गरीबों, जरूरतमंदों, किसानों, युवाओं और महिलाओं—सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध करा रही है। सरकार की नीतियां समावेशी विकास पर आधारित हैं।
एक साल में 7.50 करोड़ श्रद्धालुओं ने किए बाबा महाकाल के दर्शन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि बीते एक वर्ष में 7.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे। श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। आने वाले सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए उज्जैन को दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेले के लिए पूरी तेजी और तैयारी के साथ विकसित किया जा रहा है।
760.78 करोड़ रुपए के 15 विकास कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन शहर में हरिफाटक पुल के चौड़ीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उज्जैन के विकास से जुड़े कई अहम प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने हरिफाटक पुल तक 371.11 करोड़ रुपए की लागत से 6 लेन रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण और उज्जैन शहर में 389.67 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों सहित कुल 760.78 करोड़ रुपए के 15 विकास कार्यों का रिमोट का बटन दबाकर भूमिपूजन किया।
पुलिस आवास और स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण
इन विकास कार्यों में 232.73 करोड़ रुपए की लागत से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 836 नए पुलिस आवास और 36 करोड़ रुपए की लागत से न्यू स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण भी शामिल है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 33 करोड़ रुपए की लागत वाले दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया।
राज्य स्तरीय ‘मिशन कोमल स्पर्श’ का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट दबाकर राज्य स्तरीय मिशन ‘कोमल स्पर्श’ का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ उज्जैन की पहचान है और बाबा महाकाल का आशीर्वाद पाने से किसी को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उज्जैन की ओर आने वाले सभी प्रमुख मार्गों को आवश्यकता अनुसार 4 लेन और 6 लेन हाईवे रोड में बदला जाएगा। जावरा से उज्जैन तक नया 4 लेन रोड भी बनाया जाएगा।
महाकाल लोक के विकास में केंद्र सरकार का सहयोग
मुख्यमंत्री ने बताया कि बाबा महाकाल महालोक के विकास और विस्तार के लिए केंद्र सरकार भी राज्य सरकार को सहयोग दे रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को साल भर क्षिप्रा माता के जल से स्नान कराया जाएगा। अधिक संख्या में श्रद्धालु एक साथ स्नान कर सकें, इसके लिए क्षिप्रा नदी में 30 किलोमीटर तक नए घाटों का निर्माण किया जा रहा है।
140 करोड़ से शनिलोक और धार्मिक स्थलों का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण शहर की जरूरतें भी बढ़ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के बाहरी क्षेत्र में नई टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसमें बड़े बाजार, बस स्टैंड और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन में मेडिसिटी, मेट्रो सिटी, साइंस सिटी और आईटी पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही 140 करोड़ रुपए की लागत से शनिलोक का निर्माण और मंगलनाथ सहित अन्य धार्मिक स्थलों का विकास भी किया जा रहा है।
विभिन्न समाजों को धर्मशाला निर्माण के लिए सुविधा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार उज्जैन में विभिन्न समाजों को धर्मशाला निर्माण के लिए भूमि और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी, ताकि सभी समाजों को समान अवसर मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जनकल्याण के कार्य लगातार जारी रहेंगे। मौजूदा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाकर उन्हें अधिक सिटीजन फ्रेंडली बनाया जाएगा।


