मध्य प्रदेश के अलीराजपुर में मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान पर महिला अधिकारी प्रिया काग को धमकाने और अभद्रता करने के आरोपों से सियासी बवाल मच गया है। उन्होंने महिला CEO को ‘दांत तोड़ने’ और ‘जिंदा गाड़ने’ जैसी धमकियां दीं।
मध्य प्रदेश में मंत्री-विधायकों के बच्चों और उनके नाम पर रिश्तेदारों की गुंडागर्दी आए दिन सामने आ रही है। अभी बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के जरिए आईपीएस अफसर को धमकी का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब एक और मंत्री के परिवार का मामला सामने आया है। जहां मिनिस्टर साहब के भाई ने एक महिला अधिकारी ना सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें जिंदा गाड़ने की तक की धमकी दे डाली। हालांकि पुलिस ने मंत्री के भाई के खिलाफ आर दर्ज कर ली है।
तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे जिंदा गाड़ दूंगा
दरअसल, यह मामला है मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान को लेकर है। जिन पर अलीराजपुर जनपद पंचायत की (CEO) प्रिया काग के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पूरा मामला कन्या विवाह योजना के नियमों को लेकर है। जहां वह विवाहित आवेदकों को आवेदन निरस्त होने को लेकर नाराज थे। वह सीधे जिला पंचायत दफ्तर पहुंचे और उन्होंने महिला अधिकारी प्रिया काग को धमकाते हुए कहा- यहां सब काम मेरी मर्जी से होगा। सारे निमय कायदे हमारे अनुसार होते हैं। वह महिला अधिकारी को मारने के लिए दौड़े और धमकी देते हुए कहा कि तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे जिंदा गाड़ दूंगा।
कांग्रेस ने मोहन यादव सरकार पर किया हमला
अब इस मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा-एक महिला सीईओ को धमकी देना मोहन सरकार के लिए सबसे शर्मनाक उदाहरण है। मध्य प्रदेश में सत्ता का अहंकार इस हद तक पहुंच गया है कि अब मंत्री के परिवार के सदस्य भी महिला अधिकारियों को खुलेआम धमकी दे रहे हैं। मंत्रियों के परिवार के लोग "मैं तुम्हारे दांत तोड़ दूंगा, मैं तुम्हें जिंदा दफना दूंगा" जैसी भाषा का प्रयोग करते हुए महिला अधिकारी को धमका रहे हैं।
कौन हैं मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान
नागर सिंह चौहान मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता हैं। वह अलीराजपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रह चुके हैं, जो अलीराजपुर जिले में अनुसूचित जनजाति समुदाय के लिए आरक्षित है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हुए 2023 का मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव जीता है। हालांकि अब उनके भाई की धमकी वाले मामले पर उन्होंने कहा-मैं अपने भाई से बात ही नहीं करते हैं। उन दोनों के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है।


