भोपाल में विधानसभा बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को मर्यादा में रहकर सरकार की आलोचना करनी चाहिए। उन्होंने वंदे मातरम को देशभक्ति का प्रतीक बताते हुए इसे गौरव का विषय बताया।

डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में विधानसभा बजट सत्र के दौरान विपक्ष पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण और बजट चर्चा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिन पर स्वस्थ बहस होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार की अच्छी बातों की सराहना और कमियों की तथ्यात्मक आलोचना करनी चाहिए, लेकिन मर्यादा से बाहर जाकर विरोध करना उचित नहीं है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीएम ने कहा कि कुछ कांग्रेसी नेता सरकार की नीतियों को समझने में गलती करते हैं, जिससे उनकी विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “नाच न जाने आंगन टेढ़ा” जैसी स्थिति बन गई है और जनता अब उनकी बातों पर भरोसा नहीं कर रही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार सदन में हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार है और सकारात्मक चर्चा का स्वागत करती है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बजट अभिभाषण सरकार का आईना होता है और इस पर सार्थक बहस लोकतंत्र को मजबूत करती है।

वहीं वंदे मातरम के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने इसे देश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की भावना के अनुरूप केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद सत्र की शुरुआत वंदे मातरम से होना देशभक्ति की परंपरा को आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में कई क्रांतिकारियों और देशभक्तों ने वंदे मातरम के साथ संघर्ष किया था, लेकिन कांग्रेस ने इसे बांटने की कोशिश की।