Mumbai Ahmedabad Bullet Train : देश के करोड़ों लोगों के लिए खुशखबरी है। बुलेट ट्रेन का इंतजार खत्म होने वाला है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऐलान कर दिया है कि कब मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन पटरी पर दौड़ेगी।
हैदराबाद (तेलंगाना): केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को एक बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने बताया कि देश के सबसे चर्चित मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का पहला सेक्शन अगले साल यानी 2027 में शुरू हो जाएगा। हैदराबाद में HYSEA GCCS & IT राउंडटेबल कार्यक्रम में बोलते हुए वैष्णव ने कहा कि देश के पहले बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का काम बहुत तेजी से चल रहा है।
रेल मंत्री ने बताया कब शुरू होंगे बाकी के सेक्शन
रेल मंत्री ने कहा, “मुंबई और अहमदाबाद के बीच पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का काम तेजी से जारी है। अगले साल हम सूरत और बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का पहला सेक्शन शुरू कर देंगे।” कॉरिडोर के बाकी सेक्शन भी फेज के हिसाब से खोले जाएंगे। उन्होंने कहा"इसके तुरंत बाद हम एक-एक करके सेक्शन खोलेंगे। पहले वापी से सूरत, फिर वापी से अहमदाबाद, उसके बाद अहमदाबाद से ठाणे और फिर अहमदाबाद से मुंबई तक। इस तरह हम अगले साल से चरणबद्ध तरीके से इसे शुरू करेंगे।"
अब तक 261 स्टेशनों का हो चुका है नव निर्माण
- मंत्री ने देशभर में रेलवे स्टेशनों के 'नव-निर्माण' पर भी अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि अब तक 261 स्टेशनों का काम 'अभूतपूर्व गति' से पूरा हो चुका है।
- सिकंदराबाद स्टेशन का खास तौर पर जिक्र करते हुए वैष्णव ने कहा कि इसे 'पूरी तरह से नए रूप' में विकसित किया जा रहा है, जबकि वहां ट्रेनों का आना-जाना भी जारी है, जो एक बड़ी चुनौती है।
बिना ट्रैफिक रोके हो रहा रेलवे का रीडेवलपमेंट
- मंत्री ने कहा, "दुनिया में जब भी रेलवे का रीडेवलपमेंट होता है, तो वे ट्रैफिक रोक देते हैं। हम ट्रैफिक नहीं रोक सकते। हमें सावधान रहना होगा जबकि ट्रैफिक चल रहा है। हम सभी प्लेटफॉर्मों के ऊपर एक छत की तरह एक एयर कॉनकोर्स बना रहे हैं, जबकि ट्रेनें असल में चल रही हैं। हम सुरक्षा और क्वालिटी पर ध्यान देते हुए पूरी लगन से काम कर रहे हैं।"
- नोवोटेल हैदराबाद कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री वैष्णव ने कहा कि हाई-स्पीड कॉरिडोर क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं को जोड़ेंगे और शहरों का नक्शा बदल देंगे।
हैदराबाद को तीन हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर
- मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद को तीन हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दिए हैं, जो इसका लैंडस्केप बदल देंगे। पुणे से हैदराबाद, हैदराबाद से चेन्नई और हैदराबाद से बेंगलुरु - यह पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर होगा। हैदराबाद हाई-स्पीड हब बन जाएगा। इससे बड़े पैमाने पर विकास होगा और इस पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाएं पूरी तरह से एक-दूसरे से जुड़ जाएंगी।"
- टेक्नोलॉजी सेक्टर में ग्रोथ पर बात करते हुए वैष्णव ने कहा कि केंद्र के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम का तेलंगाना को काफी फायदा मिला है।


