एक ट्रैवल व्लॉगर ने मुंबई एयरपोर्ट का वीडियो शेयर किया, जिसमें फॉर्म भरने वाले काउंटर पर धागे से बंधी एक पेन की रिफिल को 'Z+ सिक्योरिटी' बताकर तंज कसा गया। वीडियो वायरल होने के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने फौरन एक्शन लिया और उसे हटा दिया।
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। इसमें एक ट्रैवल व्लॉगर ने फॉर्म भरने वाले काउंटर पर धागे से बंधी पेन की रिफिल का मज़ाक उड़ाया है। व्लॉगर ने इसे 'Z+ सिक्योरिटी' बताया और अपनी तरफ से एक पेन भी वहां छोड़ दिया। जब यह वीडियो वायरल हुआ, तो एयरपोर्ट अधिकारियों को जवाब देना पड़ा।

'एक रिफिल के लिए भी इतनी कड़ी सुरक्षा!'
ट्रैवल व्लॉगर दीपक सामल ने मुंबई एयरपोर्ट के काउंटर का वीडियो शेयर किया, जहां एक पेन की रिफिल धागे से बंधी हुई थी। वीडियो में दीपक मज़ाक करते हुए कहते हैं, “यह मुंबई का इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, और अगर आप भारत आ रहे हैं तो आपको एक फॉर्म भरना होगा। लेकिन सबसे मज़ेदार बात यह है कि इसके लिए यहां बहुत कड़ी सुरक्षा है।” उन्होंने तंज कसते हुए आगे कहा, "इतनी सुरक्षा दी गई है। सोचिए, यह इतना बड़ा एयरपोर्ट है और उनके पास एक पेन तक नहीं है। खैर, उनकी इज़्ज़त बचाने के लिए, मैं यह पेन यहीं छोड़ रहा हूं, ताकि अगर कोई इंटरनेशनल यात्री यहां फॉर्म भरने आए, तो वह इसका इस्तेमाल कर सके।" यह कहकर उन्होंने अपना पेन काउंटर पर रख दिया।
दीपक ने वीडियो को "इस पेन के लिए Z प्लस सुरक्षा, इंटरनेशनल मुंबई एयरपोर्ट" कैप्शन के साथ शेयर किया। उन्होंने आगे लिखा, "यह सिर्फ एक पेन नहीं है - यह भारत की इमेज है। हर इंटरनेशनल यात्री छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देता है। एयरपोर्ट अक्सर किसी देश के बारे में एक विज़िटर की पहली राय बनाते हैं, और छोटी-छोटी बातें हमारे स्टैंडर्ड, मेहमाननवाज़ी और सर्विस को दिखाती हैं। एक वर्ल्ड-क्लास देश वर्ल्ड-क्लास बेसिक चीज़ों पर बनता है।"
'शुक्रिया, हमने उसे हटा दिया है'
एयरपोर्ट पर रिफिल की इस 'कड़ी सुरक्षा' का वीडियो तेज़ी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई यूज़र्स ने इस पर मज़ाकिया कमेंट्स किए। मामला बढ़ता देख मुंबई एयरपोर्ट के अधिकारी भी हरकत में आए। उन्होंने जवाब में लिखा, "प्रिय गेस्ट, इस ओर हमारा ध्यान दिलाने के लिए धन्यवाद। उस आइटम को हटा दिया गया है और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए उचित कदम उठाए गए हैं। हम आपके फीडबैक के लिए आभारी हैं क्योंकि यह हमें सर्विस और प्रेजेंटेशन के हाई स्टैंडर्ड बनाए रखने में मदद करता है।" वहीं, कुछ लोगों ने एयरपोर्ट का बचाव भी किया। एक यूज़र ने लिखा, "दूसरे देशों में भी पेन ऐसे ही बांधकर रखे जाते हैं। इसका मकसद यह होता है कि वह इधर-उधर न गिरे या कोई गलती से उसे साथ न ले जाए। कुछ देशों में तो यह सुविधा भी नहीं होती। हर चीज़ चोरों से बचाने के लिए नहीं होती।" एक अन्य ने लिखा, “सच कहूं तो फॉर्म भरने के लिए रिफिल रखना ही बहुत है। मैंने तो ज़्यादातर देशों में ऐसे काउंटरों पर पेन देखा भी नहीं है।”
