Mumbai Local Incident: शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह शख्स मुंबई के घाटकोपर स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन की छत पर चढ़ गया था। वहां वो ऊपर से जा रही हाई-टेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह जल गया।
Mumbai Local Train Accident: मुंबई के घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम पीक ऑवर के दौरान एक दर्दनाक हादसे से अफरातफरी मच गई। एक 30 वर्षीय युवक लोकल ट्रेन की छत पर चढ़ गया और वहां मौजूद हाई-वोल्टेज ओवरहेड वायर की चपेट में आ गया। हादसे में युवक करीब 45 फीसदी झुलस गया। घटना के बाद सेंट्रल रेलवे की लोकल सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
शाम 6:33 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम करीब 6:33 बजे घाटकोपर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हुई। उस समय छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से टिटवाला जा रही एक लोकल ट्रेन स्टेशन पर रुकी हुई थी। इसी दौरान युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया और हाई-वोल्टेज ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर के संपर्क में आ गया।
छाती, पेट और दोनों हाथ झुलसे
हादसे में युवक के शरीर का करीब 45 फीसदी हिस्सा जल गया। उसकी छाती, पेट और दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इसके अलावा उसके सिर पर भी चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उसे इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।
राजावाड़ी अस्पताल की डॉ. भारती राजुलवाला के अनुसार, युवक को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आगे की जांच और स्कैन की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हालत बिगड़ने पर उसे सायन अस्पताल रेफर किया जा सकता है।
बिजली सप्लाई बंद कर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित हिस्से की ओवरहेड बिजली सप्लाई तुरंत बंद कर दी, ताकि युवक को सुरक्षित तरीके से ट्रेन की छत से नीचे उतारा जा सके और राहत-बचाव कार्य के दौरान किसी और दुर्घटना का खतरा न रहे।
रेस्क्यू और जरूरी कार्रवाई के बाद ट्रेन को घाटकोपर स्टेशन से करीब 6:52 से 6:55 बजे के बीच रवाना किया गया। इस वजह से ट्रेन लगभग 20 से 22 मिनट तक प्रभावित रही।
पीक ऑवर में कई ट्रेनों पर पड़ा असर
घटना का असर सिर्फ इसी लोकल ट्रेन तक सीमित नहीं रहा। शाम के व्यस्त समय में फास्ट लाइन पर कल्याण की ओर जाने वाली पीछे की कई उपनगरीय और एक्सप्रेस ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। यात्रियों को ट्रेनों की देरी का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित सेवाओं को संभालने और ट्रेन परिचालन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए जरूरी कदम उठाए। फिलहाल हादसे की परिस्थितियों को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
