इकरा हसन के खुद को गुर्जर समाज की बेटी बताने वाले बयान पर BJP विधायक नंद किशोर गुर्जर ने विवादित टिप्पणी की। उन्होंने शादी को लेकर चैलेंज देते हुए वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बयान फिर चर्चा का केंद्र बन गया है। गाजियाबाद की लोनी सीट से बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के एक हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इकरा हसन के खुद को गुर्जर समाज की बेटी बताए जाने पर सवाल उठाते हुए शादी को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी।

दरअसल, इकरा हसन हाल ही में गुर्जर बहुल इलाके में पहुंची थीं। वहां उन्होंने स्थानीय लोगों से खुद को उनकी बेटी बताते हुए पूछा था कि क्या वह उनकी बेटी नहीं हैं? इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि केवल वोट हासिल करने के लिए इस तरह के रिश्ते नहीं जोड़े जाने चाहिए।

‘गुर्जर की बेटी हो तो गुर्जर से शादी करो’

सहारनपुर में एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी विधायक ने कहा कि अगर इकरा हसन वास्तव में गुर्जर समाज की बेटी होने का दावा करती हैं तो उन्हें किसी गुर्जर युवक से शादी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर समाज उन्हें अपनी बेटी मान लेगा। विधायक ने यहां तक कहा कि वह खुद उनकी शादी में मदद करने के लिए आगे आएंगे।

यह भी पढ़ें: प्रेमानंद महाराज के आश्रम से क्या लापता हुआ भक्त? दीवार पर लगे पोस्टर की कहानी क्या?

वोट बैंक की राजनीति का लगाया आरोप

नंद किशोर गुर्जर ने इकरा हसन पर वोट पाने के लिए गुर्जर समाज से रिश्ता जोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज में नेता, IAS-IPS अधिकारी, डॉक्टर और इंजीनियर समेत बड़ी संख्या में लोग हैं। उनके मुताबिक, सिर्फ चुनावी फायदे के लिए किसी समाज को अपना बताना उचित नहीं है।

नंद किशोर गुर्जर का नाम विवादित बयानों को लेकर पहले भी सुर्खियों में रहा है। हाल में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह वंदे मातरम, जय श्रीराम और हर हर महादेव का जिक्र करते हुए कड़े शब्दों में बयान देते नजर आए थे। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। नंद किशोर गुर्जर के ताजा बयान ने एक बार फिर यूपी की राजनीति में बयानबाजी और समाज आधारित राजनीतिक अपील को चर्चा में ला दिया है। हालांकि, इकरा हसन की ओर से इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही इस विवाद का अगला राजनीतिक मोड़ साफ होगा।

यह भी पढ़ें: रूसी ड्रोन ने मचाई तबाही, भारतीय कंपनी के सुमी प्लांट की मुख्य इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त