केरल के कोल्लम में एक 16 वर्षीय लड़की ने आत्महत्या कर ली। उसके अंतिम संस्कार में शामिल 38 वर्षीय पड़ोसन की सदमे से मौत हो गई। इस तरह एक ही पड़ोस में दो मौतें हुईं।

कोल्लम: केरल के कोल्लम में एक ही पड़ोस में दो मौतों से मातम पसर गया है। यहां एक लड़की के अंतिम संस्कार में शामिल होने आईं पड़ोसन की भी सदमे से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना अष्टमंगलम की है। दरअसल, अतुल्य भवन में रहने वाले अजि-राजी दंपति की 16 साल की बेटी अतुल्या अजि ने पिछले बुधवार को अपने घर में शॉल से फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की थी। अतुल्या के एक प्राइवेट स्कूल में 11वीं (प्लस वन) की छात्रा थी। परिवार वाले उसे फौरन अस्पताल ले गए। वहां से उसे तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान रविवार सुबह अतुल्या ने दम तोड़ दिया।

जब अतुल्या का शव घर लाया गया तो मातम का माहौल था। पड़ोस में रहने वाली 38 साल की एस. कविता, अतुल्या की मां राजी को हिम्मत बंधा रही थीं। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं।

कविता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें फर्स्ट एड दिया गया। इसके बाद उन्हें भी तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। कविता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मॉर्चरी में रखवाया गया है। उनके 2 बच्चे निरंजना और नीरज हैं। वहीं, अतुल्या का अंतिम संस्कार देर रात घर के पास ही कर दिया गया।

(आत्महत्या किसी भी समस्या का हल नहीं है। जिंदगी जीने की कोशिश करें। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मदद लें। ऐसे विचार आने पर 'दिशा' हेल्पलाइन पर कॉल करें। टोल-फ्री नंबर: 1056, 0471-2552056)