Nepal Flood 2026: नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। चिंता की बात ये है कि बाढ़ में मारे गए लोगों के शव बहकर भारत की नदियों में पहुंच रहे हैं।

Nepal Flood News: नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ और भूस्खलन के कारण बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। हालात लगातार बिगड़ने के बीच भारत की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि बाढ़ में मारे गए कुछ लोगों के शव बहकर भारत की नदियों तक पहुंच रहे हैं।

1500 लोगों का अब तक पता नहीं

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल में करीब 1500 लोगों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है, जिनमें लगभग 290 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। लापता भारतीयों में केरल के 33 लोग बताए जा रहे हैं। नेपाल के कई हिस्सों में कम्युनिकेशन सिस्टम ठप होने की वजह से लोगों से संपर्क करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में राहत और बचाव अभियान के सामने भी बड़ी चुनौतियां हैं।

तिब्बत में 200 से ज्यादा भारतीय फंसे

नेपाल के अलावा चीन के नियंत्रण वाले तिब्बती इलाके में भी 200 से ज्यादा भारतीयों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। इन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

ग्लेशियर झील फटने का खतरा

इस बीच चीन ने नेपाल को एक और संभावित खतरे को लेकर चेतावनी दी है। चीन के मुताबिक, तिब्बती क्षेत्र में एक ग्लेशियर झील के फटने का खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए नेपाल को अगले दो दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में चिंता और बढ़ गई है।

भारत बढ़ाएगा राहत और बचाव अभियान

भारत ने बाढ़ से तबाह नेपाल की मदद के लिए राहत अभियान तेज करने का फैसला किया है। राहत सामग्री लेकर भारतीय वायुसेना के और विमान नेपाल भेजे जाएंगे। इसके अलावा नेपाल में जरूरी निर्माण कार्यों में भी भारत सहयोग करेगा। सरकार की अनुमति मिलने पर भारतीय सेना की एक विशेष टीम को भी बचाव अभियान में भेजे जाने की तैयारी है।